bareillyघायल युवक।

बरेली। प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझा शहर की सड़कों पर जानलेवा बना हुआ है। शनिवार दोपहर किला रोड पर सिटी श्मशान भूमि के पास बाइक से घर लौट रहे युवक की गर्दन चाइनीज मांझे से बुरी तरह कट गई। गंभीर रूप से घायल युवक काफी देर तक सड़क पर तड़पता रहा। स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

फैक्ट्री से घर लौट रहे थे अनीस

सीबीगंज थाना क्षेत्र के तिलियापुर निवासी अनीस कुरैशी शनिवार दोपहर करीब तीन बजे मारिया फ्रोजन फैक्ट्री से बाइक से अपने घर लौट रहे थे। किला रोड पर सिटी श्मशान भूमि के पास सहगल होटल के सामने अचानक हवा में लटका चाइनीज मांझा उनकी गर्दन में फंस गया। बाइक की रफ्तार के बीच मांझे ने उनकी गर्दन को बुरी तरह काट दिया। हादसे के बाद अनीस सड़क पर गिर पड़े और गर्दन से खून बहने लगा। बताया जा रहा है कि वह काफी देर तक सड़क पर तड़पते रहे। आसपास मौजूद लोग मदद के लिए पहुंचे और उन्हें तत्काल नवोदय अस्पताल भिजवाया।

तीन महीने में करीब दर्जनभर लोग घायल

बरेली में चाइनीज मांझे से घायल होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। पिछले करीब तीन महीने में शहर में लगभग एक दर्जन लोगों के मांझे की चपेट में आकर घायल होने की बात सामने आई है। इसके बावजूद प्रतिबंधित मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पूरी तरह नहीं रुक पा रहा है। शनिवार की घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि लगातार हादसों के बावजूद जानलेवा चाइनीज मांझा लोगों तक आखिर पहुंच कैसे रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *