बदायूं। कार में रखे लाखों रुपये और सोने के जेवर चोरी होने की जिस वारदात को बाहर के बदमाशों का कारनामा समझा जा रहा था, उसका राज खुला तो चालक ही मास्टरमाइंड निकला। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित के यहां चालक आरिफ अंसारी ने अपने रिश्तेदार वसीम अंसारी के साथ मिलकर पूरी साजिश रची थी। कार का पिछला शीशा तोड़कर वारदात को सामान्य चोरी का रूप देने की कोशिश की गई। सिविल लाइंस पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर 79 लाख रुपये नकद और 101.680 ग्राम पीली धातु के आभूषण व टुकड़े बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 10 सितंबर को शेख दिलावर हुसैन कार से बदायूं से मेरठ जा रहे थे। दोपहर करीब 1:40 बजे नवादा दास डिग्री कॉलेज के पास बिरयानी खाने के लिए कार रोकी गई। चालक और एक कारीगर कार से उतरकर चले गए। कुछ देर बाद वापस लौटे तो कार का पिछला शीशा टूटा था। अंदर रखी नकदी और सोने के जेवर गायब थे। वारदात की सूचना मिलने के बाद सिविल लाइंस पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। छानबीन आगे बढ़ी तो शक की सुई पीड़ित के चालक आरिफ अंसारी की तरफ घूम गई।
चालक ने ही रिश्तेदार के साथ बनाया था पूरा प्लान
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरिफ और वसीम ने वारदात की कहानी खोल दी। दोनों रिश्तेदार हैं और कर्ज में डूबे होने के कारण उन्होंने चोरी की योजना बनाई थी। आरिफ को पहले से पता था कि कार में बड़ी रकम और सोने के आभूषण रखे हैं। आरोप है कि आरिफ ने साथ मौजूद कर्मचारी को बहाने से कार से दूर किया और इसी दौरान वसीम की मदद से नकदी व जेवर निकाल लिए। शक से बचने के लिए कार का पिछला शीशा भी तोड़ दिया, ताकि लगे कि किसी बाहरी बदमाश ने मौका पाकर चोरी की है।
50 लाख वसीम से, 29 लाख कार से मिले
पुलिस ने मेरठ के लिसाड़ी गेट क्षेत्र निवासी आरिफ अंसारी और मेरठ कोतवाली क्षेत्र निवासी वसीम अंसारी को गिरफ्तार किया। वसीम के कब्जे से 500 रुपये के नोटों की 100 गड्डियां यानी 50 लाख रुपये और एक मोबाइल फोन मिला। घटना में इस्तेमाल हुंडई वर्ना कार की तलाशी में 500 रुपये के नोटों की 57 गड्डियां और 100 रुपये के नोटों की पांच गड्डियां मिलीं। इनकी कुल रकम 29 लाख रुपये बताई गई है। कार से एक प्लास भी बरामद हुआ। इस तरह पुलिस ने कुल 79 लाख रुपये नकद बरामद किए।
आरिफ के पास मिला 101.680 ग्राम सोना
पुलिस के अनुसार आरिफ के कब्जे से 11.800 ग्राम का कंगन, 14.500 ग्राम की कंठी माला और 75.380 ग्राम वजन के पीली धातु के 12 छोटे-बड़े टुकड़े मिले। इनका कुल वजन 101.680 ग्राम है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी चोरी का माल लेकर मेरठ जाने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही उन्हें पकड़ लिया गया। पुलिस ने चोरी गए माल की शत-प्रतिशत बरामदगी का दावा किया है। एसएसपी बदायूं अंकिता शर्मा ने वारदात का खुलासा करने वाली सिविल लाइंस पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है। डीआईजी बरेली रेंज अजय कुमार साहनी ने भी टीम की कार्रवाई की सराहना की है।