shahjahanpurआरोपी लेखपाल

बरेली। खेत की तूदाबंदी कराने के बदले 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगना एक राजस्व लेखपाल को भारी पड़ गया। एंटी करप्शन की टीम ने बुधवार को जाल बिछाकर सदर तहसील में तैनात लेखपाल योगेश कुमार तिवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया।

शाहजहांपुर के बाबूजई मोहल्ला निवासी शाकिर अली ने दी शिकायत में बताया कि उसकी मां दिलशाद बानो के खेत की तूदाबंदी कराने के एवज में क्षेत्रीय लेखपाल योगेश कुमार तिवारी 10 हजार रुपये की मांग कर रहा है। रकम दिए बिना काम करने से इनकार किया जा रहा था। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने पूरे मामले का सत्यापन किया और फिर आरोपी को पकड़ने की योजना बनाई।

रुपये हाथ में आते ही दबोचा गया

बुधवार दोपहर करीब 12:37 बजे नया बाईपास फ्लाईओवर के नीचे शिकायतकर्ता ने जैसे ही 10 हजार रुपये लेखपाल को दिए एंटी करप्शन टीम ने उसे घेर लिया। टीम ने मौके पर ही रिश्वत की रकम बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार लेखपाल योगेश कुमार तिवारी मूल रूप से गोकुलपुरी, उत्तर-पूर्वी दिल्ली का रहने वाला है। वह वर्तमान में शाहजहांपुर की सदर तहसील में राजस्व लेखपाल के पद पर तैनात था। गिरफ्तारी के बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।

कटरा थाने में दर्ज होगा मुकदमा

एंटी करप्शन टीम आरोपी के खिलाफ थाना कटरा में मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपी लेखपाल को न्यायालय में पेश करने की तैयारी चल रही है। ट्रैप टीम प्रभारी जितेंद्र का कहना है कि रिश्वतखोरी के मामलों में शिकायत मिलने पर इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी। लोगों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी किसी काम के बदले रिश्वत मांगता है तो उसकी शिकायत तुरंत करें। समय पर मिली सूचना के आधार पर ट्रैप कार्रवाई कर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाती है। शिकायत के लिए एंटी करप्शन बरेली के अधिकारियों के हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *