बरेली। बरेली जंक्शन के यार्ड में शुरू होने जा रहे 30 दिन के मेगा ब्लॉक का असर लंबी दूरी की ट्रेनों पर साफ दिखाई देने लगा है। रेलवे ने बरेली-लोकमान्य तिलक और बरेली-इंदौर एक्सप्रेस को करीब एक महीने के लिए निरस्त कर दिया है। दोनों ट्रेनों की टिकट बुकिंग भी तत्काल प्रभाव से बंद कर दी गई है। इससे मुंबई जाने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है और रामनगर-बांद्रा व काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल एक्सप्रेस पर यात्रियों का दबाव बढ़ने लगा है।
5 जुलाई से 3 अगस्त तक रहेगा मेगा ब्लॉक
मुख्य वाणिज्य निरीक्षक इमरान ने बताया कि बरेली जंक्शन के यार्ड में पुरानी वाशिंग लाइन संख्या 36 और 37 की मरम्मत और अपग्रेडेशन का काम किया जाएगा। इसके लिए पांच जुलाई से तीन अगस्त तक 30 दिन का मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। इसी वजह से ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है।
लोकमान्य तिलक और इंदौर एक्सप्रेस रहेंगी निरस्त
रेलवे के अनुसार 14314/14313 बरेली-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस 11 जुलाई से तीन अगस्त तक रद्द रहेगी। वहीं 14320/14319 बरेली-इंदौर एक्सप्रेस आठ जुलाई से 30 जुलाई तक संचालित नहीं होगी। दोनों ट्रेनों की अग्रिम टिकट बुकिंग भी बंद कर दी गई है।
बरेली-दिल्ली पैसेंजर भी एक माह तक नहीं चलेगी
मेगा ब्लॉक के चलते 54075/54076 बरेली-दिल्ली पैसेंजर भी पांच जुलाई से तीन अगस्त तक निरस्त रहेगी। इसके अलावा 11 जुलाई को बरेली-चंदौसी रेलखंड पर पुल संख्या तीन की मरम्मत के लिए नौ घंटे का ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान 64178/64177 मुरादाबाद-बरेली पैसेंजर भी रद्द रहेगी।
कुछ दिन के लिए मिली राहत, इन तारीखों पर चलेगी ट्रेन
रेलवे ने यात्रियों को आंशिक राहत देते हुए लोकमान्य तिलक-बरेली एक्सप्रेस को 13 और 20 जुलाई तथा इंदौर-बरेली एक्सप्रेस को 16 जुलाई को चलाने का फैसला किया है। हालांकि ये ट्रेनें अपने नियमित मार्ग के बजाय बीना, गुना और ग्वालियर होकर संचालित की जाएंगी। झांसी (वीरांगना लक्ष्मीबाई स्टेशन) वाले मार्ग का उपयोग इन दिनों नहीं किया जाएगा।
मुंबई रूट की ट्रेनों में बढ़ी भीड़
बरेली-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस की टिकट बुकिंग बंद होने के बाद मुंबई जाने वाले यात्रियों का रुख अब रामनगर-बांद्रा एक्सप्रेस और काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल एक्सप्रेस की ओर हो गया है। इन ट्रेनों में वेटिंग लगातार बढ़ने लगी है और यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने में दिक्कत हो रही है।
कई ट्रेनें छह घंटे तक लेट, यात्रियों की बढ़ी मुश्किल
मेगा ब्लॉक और विभिन्न रेलखंडों पर चल रहे कार्यों का असर ट्रेनों की समयपालन व्यवस्था पर भी पड़ रहा है। मंगलवार को काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें छह घंटे तक देरी से चलीं। उपासना एक्सप्रेस करीब चार घंटे लेट रही, जबकि सत्याग्रह एक्सप्रेस, अमृतसर-सहरसा गरीब रथ और जम्मूतवी एक्सप्रेस भी निर्धारित समय से काफी देर बाद स्टेशन पहुंचीं। देरी के कारण कई यात्रियों की कनेक्टिंग ट्रेनें छूट गईं और उन्हें घंटों स्टेशन पर इंतजार करना पड़ा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार परिचालन संबंधी कार्यों और ट्रैफिक दबाव की वजह से ट्रेनों का समय प्रभावित हो रहा है।