बरेली। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार बरेली और नोएडा (जेवर एयरपोर्ट) के बीच बहुप्रतीक्षित हवाई सेवा शुरू हो गई। बुधवार को पहली उड़ान के साथ बरेली ने उत्तर प्रदेश के उड्डयन मानचित्र पर एक और उपलब्धि दर्ज कर ली। उद्घाटन समारोह में बरेली के सांसद छत्रपाल गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने पहली महिला यात्री को पहला बोर्डिंग पास सौंपकर इस नई हवाई सेवा का शुभारंभ किया।
नई उड़ान की शुरुआत को यादगार बनाने के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी और विमानन कंपनी ने विशेष आयोजन किया। सांसद छत्रपाल गंगवार, एयरपोर्ट अधिकारियों और कर्मचारियों ने पहली महिला यात्री से केक कटवाया। पहली उड़ान को लेकर यात्रियों और एयरपोर्ट स्टाफ में खासा उत्साह दिखाई दिया और पूरे कार्यक्रम का माहौल उत्सव जैसा रहा।
पहली फ्लाइट भी… पहली हवाई यात्रा भी
पहला बोर्डिंग पास मिलने पर महिला यात्री की खुशी देखते ही बन रही थी। उन्होंने कहा कि बरेली-नोएडा हवाई सेवा शुरू होने से दोनों शहरों के बीच सफर अब बेहद आसान और तेज हो जाएगा। उन्होंने मुस्कुराते हुए बताया कि यह सिर्फ इस रूट की पहली उड़ान ही नहीं, बल्कि उनके जीवन की भी पहली हवाई यात्रा है। इस खास पल को वह कभी नहीं भूलेंगी।
एयरपोर्ट परिवार ने दी नई उड़ान को विदाई
इस ऐतिहासिक अवसर पर बरेली एयरपोर्ट के निदेशक अवधेश अग्रवाल, एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारी, कर्मचारी और विमानन कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने पहली उड़ान को शुभकामनाओं के साथ रवाना किया और यात्रियों का स्वागत किया।
व्यापार, शिक्षा और कारोबार को मिलेगी नई रफ्तार
बरेली-जेवर हवाई सेवा शुरू होने से बरेली समेत आसपास के जिलों के व्यापारियों, उद्यमियों, छात्रों और अन्य यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक कम समय में पहुंचना अब पहले के मुकाबले कहीं अधिक आसान होगा। माना जा रहा है कि यह सेवा क्षेत्र के व्यापार, निवेश और पर्यटन को भी नई गति देगी।