लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को अयोध्या के श्रीराम मंदिर में चढ़ावे में कथित वित्तीय अनियमितता के मुद्दे पर विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म को इतना कमजोर न समझा जाए कि लोग किसी के बहकावे या झांसे में आ जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि भाजपा और करोड़ों रामभक्तों की आस्था को विपक्ष किसी भी तरह से कमजोर नहीं कर सकता।
लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर अवध क्षेत्र के शक्ति केंद्र संयोजकों की बैठक को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल का नाम लेते हुए कहा कि ये लोग हिंदू धर्म और सनातन आस्था को लेकर जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन देश की जनता उनके झांसे में नहीं आने वाली।
रामचरितमानस के अपमान पर भी रहे मौन
भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि जब हिंदू देवी-देवताओं और धार्मिक ग्रंथों का अपमान हुआ, तब विपक्षी दलों ने चुप्पी साधे रखी। उन्होंने कहा कि रामचरितमानस के अपमान के समय भी कांग्रेस समेत विपक्ष के नेता मौन रहे। आज वही लोग श्रीराम मंदिर और आस्था की बात कर रहे हैं, जबकि पहले भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाए जाते थे।
500 वर्षों के संघर्ष का प्रतीक है राम मंदिर
नितिन नवीन ने कहा कि अयोध्या में बना भव्य श्रीराम मंदिर भाजपा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस), विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और करोड़ों श्रद्धालुओं के लगभग 500 वर्षों के संघर्ष और आस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस विरासत को भाजपा ने संजोया है और आगे भी इसकी रक्षा करती रहेगी।
आस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम की आस्था से कोई खिलवाड़ नहीं कर सकता। जरूरत पड़ने पर भाजपा कार्यकर्ता हर तरह का बलिदान देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी भी तरह की अनियमितता सामने आती है तो आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
विपक्ष की विरासत पर भी साधा निशाना
विपक्ष पर हमला बोलते हुए नितिन नवीन ने कहा कि जिन लोगों की विरासत हिंदुओं पर गोली चलाने की रही है, वे आज आस्था की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की विरासत देवी-देवताओं की आस्था और सांस्कृतिक विरासत की रक्षा के लिए संघर्ष और बलिदान की रही है। बैठक को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी तथा उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने भी संबोधित किया।