बरेली। नर्सिंग असिस्टेंट कुलदीप गोस्वामी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी गुंजा और साली रीना को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पर कुलदीप को मानसिक प्रताड़ना देकर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है। उधर, मौत से पहले वायरल हुए वीडियो में सुभाषनगर थाने के दरोगा पर लगाए गए 30 हजार रुपये रिश्वत मांगने और शिकायत पर कार्रवाई न करने के आरोपों की जांच भी तेज हो गई है। एसएसपी के निर्देश पर गठित तीन सदस्यीय समिति पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।

कैंट इंस्पेक्टर संजय धीर ने बताया कि सत्यपाल गोस्वामी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर रविवार सुबह आजाद मोहल्ला, सदर बाजार से आरोपी पत्नी गुंजा और उसकी बहन रीना को गिरफ्तार किया गया। दोनों के खिलाफ बीएनएस की धारा 108 के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस ने मृतक की पत्नी गुंजा, उसके भाई अमित कुमार, बहन रीना और बहनोई सतीश के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में भी दबिश दे रही है।

मौत से पहले वीडियो में लगाए थे गंभीर आरोप

कुलदीप ने मौत से पहले रिकॉर्ड किए गए वीडियो और तीन पन्नों के सुसाइड नोट में पत्नी, ससुराल पक्ष और सुभाषनगर थाने के एक दरोगा को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं की गई, जबकि पत्नी की तहरीर पुलिसकर्मी ने खुद लिखी और रिपोर्ट दर्ज करने के लिए 30 हजार रुपये मांगे गए। इन आरोपों की जांच एसपी सिटी की अध्यक्षता में गठित तीन सदस्यीय समिति कर रही है।

पूछताछ में पत्नी ने दिया यह बयान

पुलिस पूछताछ में गुंजा ने बताया कि उसकी शादी 15 अप्रैल 2026 को कुलदीप से हुई थी। बाद में उसे पता चला कि कुलदीप की पहले तीन शादियां हो चुकी थीं और उसका 13 वर्षीय बेटा भी है। इसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगा और वह मायके में रहने लगी। गुंजा के अनुसार, तीन जुलाई को कुलदीप उसे लेने आया था, लेकिन दरवाजा नहीं खोला गया। इसके बाद उसने घर के बाहर जहरीला पदार्थ खा लिया। उसे यह अंदाजा नहीं था कि कुलदीप आत्मघाती कदम उठा लेगा।

परिजनों ने पुलिस की भूमिका पर उठाए सवाल

मृतक के परिजनों का आरोप है कि यदि पुलिस उनकी शिकायतों पर समय रहते निष्पक्ष कार्रवाई करती तो कुलदीप की जान बच सकती थी। उनका कहना है कि झूठे मुकदमों और लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया। अब परिजन सभी आरोपियों और लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed