बरेली। शाही थाना क्षेत्र में एक जर्जर मकान का छज्जा अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आकर बुजुर्ग महिला और उनकी नातिन की मौत हो गई। हादसे के समय दोनों चारपाई पर बैठी थीं, जबकि पास में बैठा 10 वर्षीय संदेश पेंसिल लेने के लिए कुछ कदम दूर गया था और बाल-बाल बच गया। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर बताई जा रही है। मृतका नत्थो देवी का प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवेदन लंबित था।

थाना क्षेत्र के तुरसा गांव निवासी आनंदस्वरूप ने बताया कि वह अपने भाइयों यशपाल और विजय पाल के परिवार के साथ एक ही मकान में रहते हैं। घर का एक हिस्सा कच्ची छत का था, जो कुछ समय पहले गिर चुका था, लेकिन दीवार के सहारे छज्जा बचा हुआ था। शनिवार शाम करीब छह बजे 70 वर्षीय नत्थो देवी अपनी छह वर्षीय नातिन दीपांजलि और 10 वर्षीय पोते संदेश के साथ चारपाई पर बैठी थीं। तभी अचानक जर्जर छज्जा भरभराकर उनके ऊपर गिर पड़ा।

पेंसिल लेने गया मासूम बचा, दादी-नातिन मलबे में दबीं

हादसे से कुछ क्षण पहले संदेश पढ़ाई के लिए पेंसिल लेने चारपाई से उठकर चला गया था। इसी दौरान छज्जा गिर गया और नत्थो देवी तथा दीपांजलि मलबे में दब गईं। चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकालकर पहले स्थानीय अस्पताल और फिर गंभीर हालत में बरेली रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

रात में पहुंची पुलिस, पोस्टमार्टम के लिए भेजे शव

घटना की सूचना मिलने पर शाही थाना पुलिस देर रात मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ मीरगंज अजय कुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। मृतका के परिजन जगदीश प्रसाद ने बताया कि तीनों भाइयों के परिवार के पास कुल नौ बीघा जमीन है। खेती के साथ मजदूरी कर किसी तरह परिवार का गुजारा होता है। आर्थिक तंगी के कारण जर्जर मकान की मरम्मत नहीं हो सकी।

आवास का आवेदन लंबित, सरकारी मदद का था इंतजार

पंचायत सचिव अंजली ने बताया कि नत्थो देवी का प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवेदन लंबित था। वहीं दीपांजलि की मां सुनीता देवी का नाम स्वीकृत आवासों की सूची में शामिल है। छह वर्षीय दीपांजलि गांव के स्कूल में कक्षा एक की छात्रा थी। परिवार लंबे समय से सरकारी सहायता और पक्के मकान का इंतजार कर रहा था, लेकिन उससे पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed