बदायूं। बिसौली क्षेत्र में रविवार दोपहर तेज रफ्तार ने दो युवकों की जान ले ली। एफएम हाईवे (मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे) पर महोरी गांव के पास पिकअप और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

हादसे में फैजगंज बेहटा निवासी 26 वर्षीय कुलदीप सागर पुत्र ओमकार और 25 वर्षीय संजीव सागर पुत्र सियाराम सागर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

गैस सिलेंडर लेने जा रहा था युवक

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कुलदीप गैस एजेंसी से सिलेंडर लेने जा रहा था। इसी दौरान बिसौली की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक बाइक सवार आगे चल रहे ई-कार्ट को ओवरटेक कर रहे थे। उसी समय सामने से आ रही पिकअप से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाइक भी तेज रफ्तार में थी।

हेलमेट नहीं पहनने से बढ़ी त्रासदी

स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों युवक हेलमेट नहीं पहने हुए थे। माना जा रहा है कि हेलमेट न होने के कारण सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी जान नहीं बच सकी। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया, पिकअप को कब्जे में लिया और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed