आगरा। आगरा के शमशाबाद थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक दर्दनाक हादसे में पति-पत्नी की करंट लगने से मौत हो गई। दोनों रात में कमरे में कूलर चलाकर सो रहे थे। सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ा तो दोनों बिस्तर पर अचेत पड़े मिले। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है।

कूलर के तार से फैला करंट

घटना शमशाबाद थाना क्षेत्र के कुटकपुर गांव की है। मृतक जगदीश कुमार (40) गांव में परचून की दुकान चलाते थे। शनिवार रात करीब 11 बजे दुकान बंद कर वह घर लौटे और पत्नी शशि (35) के साथ कमरे में सो गए। कमरे में चल रहे कूलर के तार में खराबी आने से वह पास रखी लोहे की संदूक से संपर्क में आ गया, जिससे पूरे कमरे में करंट फैल गया। आशंका है कि रात के दौरान दोनों करंट की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

सुबह दरवाजा नहीं खुला तो हुआ खुलासा

रविवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को शक हुआ। उन्होंने दरवाजा तोड़ा तो पति-पत्नी बिस्तर पर बेसुध पड़े मिले। आनन-फानन में दोनों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

चार मासूम बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़

जगदीश और शशि की शादी करीब 14 वर्ष पहले हुई थी। उनके चार बच्चे हैं—13 वर्षीय मोना, 10 वर्षीय सोना, 9 वर्षीय सूर्य और 7 वर्षीय हेमंत। जगदीश परचून की दुकान के साथ खेती कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। माता-पिता की एक साथ मौत से चारों बच्चों के सिर से उनका साया उठ गया। घटना के बाद बच्चों को उनके ननिहाल भेज दिया गया है।

गांव में पसरा मातम

दंपति की मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। शशि के मायके वाले भी गांव पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में हर ओर इस दर्दनाक हादसे की चर्चा हो रही है।

पुलिस जांच में जुटी

थाना शमशाबाद प्रभारी सुरेंद्र राव ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला करंट लगने से मौत का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed