बदायूं। बदायूं जिले के अलापुर थाना क्षेत्र में मुहर्रम के ताजिया जुलूस के दौरान इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। जुलूस देख रही चार साल की मासूम बच्ची घर के बाहर से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई। पूरी रात परिजन और पुलिस उसकी तलाश में जुटे रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह गांव के पास मक्के के खेत में बच्ची घायल हालत में मिली। मेडिकल जांच में उसके साथ दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

शुक्रवार शाम गांव में मुहर्रम का ताजिया जुलूस निकल रहा था। इसी दौरान चार वर्षीय बच्ची घर के बाहर खड़ी होकर जुलूस देख रही थी। भीड़भाड़ के बीच वह अचानक लापता हो गई। परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन जब उसका कोई पता नहीं चला तो पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और देर रात तक सर्च ऑपरेशन चलाया।

सुबह मक्के के खेत में मिली घायल

शनिवार सुबह गांव के पास स्थित मक्के के खेत से बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी। ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो बच्ची घायल अवस्था में पड़ी मिली। उसके शरीर पर चोटों के निशान थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को तत्काल अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। अस्पताल में हुए चिकित्सकीय परीक्षण में बच्ची के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। मेडिकल रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच और तेज कर दी है। घटना से पूरे क्षेत्र में आक्रोश और दहशत का माहौल है।

आरोपी की तलाश में जुटीं पुलिस की टीमें

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में आशंका है कि वारदात को अंजाम देने वाला व्यक्ति स्थानीय या बच्ची से परिचित हो सकता है। हालांकि पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई गई हैं। एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट में बच्ची के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *