बरेली। सीबीगंज क्षेत्र में रोजगार दिलाने का झांसा देकर एक युवती से 87 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली। साइबर ठग ने युवती को व्हाट्सएप पर लिंक भेजकर पहले वर्क मैटेरियल के नाम पर 499 रुपये जमा कराए। इसके बाद अलग-अलग बहाने बनाकर युवती और उसकी मां के खाते से कुल 87 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। ठगी का पता चलने पर पीड़िता ने साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद सीबीगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
व्हाट्सएप पर आया रोजगार का लिंक
नदौसी निवासी शिवानी के मुताबिक, 24 सितंबर को दोपहर करीब 3:44 बजे उसके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति ने व्हाट्सएप के जरिए रोजगार दिलाने का लिंक भेजा। बातचीत के दौरान आरोपी ने उसे काम दिलाने और वर्क मैटेरियल उपलब्ध कराने की बात कही। इसके लिए पहले क्यूआर कोड के जरिए 499 रुपये जमा कराए गए। पीड़िता का आरोप है कि शुरुआती रकम जमा कराने के बाद आरोपी लगातार अलग-अलग बातों के नाम पर पैसे मांगता रहा। उसके झांसे में आकर युवती और उसकी मां के बैंक खाते से कुल 87 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए गए। इसके बाद भी आरोपी ने और रकम की मांग शुरू कर दी।
रकम देने के बाद खुला ऑनलाइन ठगी का राज
बार-बार पैसे मांगे जाने पर युवती को शक हुआ। जांच करने पर उसे पता चला कि रोजगार दिलाने के नाम पर उसके साथ साइबर ठगी की गई है। इसके बाद उसने तत्काल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत की। पीड़िता ने सीबीगंज थाने पहुंचकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। तहरीर में उसने दो मोबाइल नंबर भी पुलिस को उपलब्ध कराए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साइबर ठगी में इस्तेमाल बैंक खातों और मोबाइल नंबरों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।