पीलीभीत। पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के बिलहरी गांव में करीब 20 साल पुरानी रंजिश एक बार फिर खूनी संघर्ष में बदल गई। 50 वर्षीय वेदराम की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। आरोप है कि करीब दो दशक पहले हुई अपने पिता की हत्या का बदला लेने के लिए दो भाइयों ने वेदराम पर बांका से ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर रूप से घायल वेदराम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।
घर पर किया हमला, बांका से किए कई वार
बिलहरी गांव निवासी वेदराम पुत्र भूपराम घर पर मौजूद थे। परिजनों के मुताबिक इसी दौरान गांव के रामदेव और श्यामदेव ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। आरोप है कि दोनों ने बांका से एक के बाद एक कई वार किए। गंभीर चोट लगने से वेदराम खून से लथपथ होकर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या की सूचना मिलते ही पूरनपुर कोतवाली पुलिस गांव पहुंची। घटना के बाद गांव में अफरातफरी और तनाव का माहौल था। पुलिस ने स्थिति संभालते हुए शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
20 साल पहले हुई थी नंदराम की हत्या
पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या की वजह करीब 20 साल पुरानी रंजिश बताई जा रही है। बताया गया कि दो दशक पहले गांव के नंदराम की हत्या हुई थी। उस मामले में वेदराम पर हत्या का आरोप लगा था। इसके बाद से दोनों परिवारों के बीच रंजिश चली आ रही थी। आरोप है कि नंदराम के बेटे रामदेव और श्यामदेव ने इसी पुरानी रंजिश में वेदराम की हत्या की। घटना के समय दोनों भाई छोटे थे, जब उनके पिता नंदराम की हत्या हुई थी। पुलिस अब पुरानी घटना और मौजूदा हत्याकांड के बीच संबंधों की भी जांच कर रही है।
दोनों नामजद आरोपी गिरफ्तार
वेदराम के परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रामदेव और श्यामदेव को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या में प्रयुक्त हथियार और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों के संबंध में भी जांच कर रही है। हत्याकांड के बाद बिलहरी गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।