UP NEWSडीएम को ज्ञापन सौंपकर जर्जर सड़क की मरम्मत व नवनिर्माण की मांग

बरेली। जनता दल (सेक्युलर) के जिलाध्यक्ष कमल कुमार प्रजापति ने ग्रामीण क्षेत्र को शहर से जोड़ने वाली जर्जर सड़क की मरम्मत और नवनिर्माण की मांग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में गौतारा, सीतापुर, माधोपुर, रूपपुर, आइना, जोगीथर, चांदपुर कजियान और गौटिया मोड़ से सरनिया, पास्टर व सीबीगंज को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति का उल्लेख किया गया है।

बड़े गड्ढों से हादसों का खतरा

ज्ञापन में कहा गया कि यह मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत में है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे होने से राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही है। संगठन का कहना है कि बदहाल सड़क के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है और ग्रामीणों को शहर तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

बारिश में जलभराव से बढ़ती मुश्किलें

जेडीएस जिलाध्यक्ष ने बताया कि बारिश के दौरान सड़क की स्थिति और खराब हो जाती है। मार्ग पर जलभराव होने से गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे आवागमन जोखिम भरा हो जाता है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और आम नागरिकों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है। ग्रामीण लंबे समय से सड़क की स्थिति सुधारने की मांग कर रहे हैं।

डीएम से विभाग को निर्देश देने की मांग

ज्ञापन के माध्यम से जिलाधिकारी से संबंधित विभाग को सड़क की जांच कराकर शीघ्र मरम्मत एवं आवश्यकतानुसार नवनिर्माण कराने के निर्देश देने की मांग की गई। जेडीएस ने कहा कि सड़क दुरुस्त होने से आसपास के कई गांवों के लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी और शहर से संपर्क भी बेहतर होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *