पीलीभीत। पूरनपुर-खुटार हाईवे पर सोमवार को चीनी मिल के पास कार और डंपर की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार चालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि किशोरी समेत तीन लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल किशोरी को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
उत्तराखंड से खुटार जा रहा था परिवार
उत्तराखंड के सितारगंज थाना क्षेत्र के शक्तिफार्म निवासी सनातन अपनी पत्नी साधना (38), पुत्र शांतनु (15), पुत्री खुशबू (17), चाचा तारष और एक वृद्ध महिला के साथ कार से शाहजहांपुर के खुटार जा रहे थे। कार तारष चला रहे थे। पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र में चीनी मिल के पास पहुंचते ही कार की सामने से आ रहे डंपर से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में साधना और वृद्ध महिला की मौके पर ही मौत हो गई। सनातन, शांतनु और खुशबू समेत अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। खुशबू की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कार में फंसे चालक को मशक्कत के बाद निकाला
हादसे में कार चालक तारष क्षतिग्रस्त वाहन में बुरी तरह फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें कार से बाहर निकाला। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
हाईवे पर लगी वाहनों की कतार
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार और डंपर के हाईवे पर खड़े होने से यातायात प्रभावित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराने की कार्रवाई शुरू की। मृतकों और घायलों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।