UP NEWS खुशबू पाटनी।

बरेली। बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी की बहन और भारतीय सेना की पूर्व अधिकारी खुशबू पाटनी ने महिला सुरक्षा को लेकर लड़कियों को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण लेने की सलाह दी है। बिहार के जमुई में किशोरी से छेड़खानी और मारपीट की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया। इसमें वह एयर पिस्टल के इस्तेमाल के बारे में जानकारी देती नजर आ रही हैं।

बोलीं- सुरक्षा के लिए दूसरों पर न रहें निर्भर

खुशबू पाटनी ने कहा कि लड़कियों को अपनी सुरक्षा के लिए पूरी तरह दूसरों पर निर्भर नहीं रहना चाहिए। उन्हें आत्मरक्षा की तकनीक सीखने के साथ ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए मानसिक रूप से भी तैयार रहना चाहिए। उन्होंने इसी क्रम में एयर पिस्टल चलाने का प्रशिक्षण लेने की बात कही।

वीडियो में दिखाई एयर पिस्टल

सोशल मीडिया पर साझा वीडियो में खुशबू ने एयर पिस्टल दिखाई और उसके इस्तेमाल के बारे में बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि वीडियो में दिखाई गई पिस्टल असली हथियार नहीं, बल्कि एयर पिस्टल है। उनका कहना है कि प्रशिक्षण लेने से लड़कियों में आत्मविश्वास बढ़ सकता है और आपात स्थिति में वे अपनी सुरक्षा के लिए बेहतर ढंग से प्रतिक्रिया कर सकती हैं।

जमुई की घटना के बाद साझा किया वीडियो

खुशबू की यह प्रतिक्रिया बिहार के जमुई में एक किशोरी के साथ कथित छेड़खानी और मारपीट की घटना के बाद सामने आई है। उन्होंने घटना पर चिंता जताते हुए महिला सुरक्षा और आत्मरक्षा प्रशिक्षण की जरूरत पर जोर दिया। उनका कहना है कि बेटियों को शुरुआत से ही आत्मरक्षा के तरीके सिखाए जाने चाहिए, ताकि मुश्किल परिस्थितियों में वे खुद को सुरक्षित रखने के लिए तैयार रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *