बरेली। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान मिशन कंपाउंड स्थित सपा कार्यालय में हंगामे का मामला सामने आया है। पार्टी के निवर्तमान कोषाध्यक्ष अशोक यादव पर एक कार्यकर्ता ने रिवॉल्वर दिखाकर जान से मारने की धमकी देने और हमला करने की कोशिश का आरोप लगाया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बिना विवाद रिवॉल्वर निकालने का आरोप
शिकायतकर्ता अनुज मौर्य का कहना है कि वह एक जुलाई 2026 को मिशन कंपाउंड स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में आयोजित जन्मदिन समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान बिना किसी विवाद के अशोक यादव ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और अचानक रिवॉल्वर निकालकर जान से मारने की धमकी दी। अनुज मौर्य ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि अशोक यादव पहले भी रिवॉल्वर के दम पर लोगों को डराने-धमकाने का काम करते रहे हैं। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
अशोक यादव ने आरोपों को बताया निराधार
वहीं, अशोक यादव ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि उनके खिलाफ झूठे और बेबुनियाद आरोप लगाए गए हैं। उन्होंने किसी भी प्रकार की धमकी देने या हथियार दिखाने की बात से इनकार किया है। कोतवाली इंस्पेक्टर राजीव सिंह ने बताया कि मामले की शिकायत प्राप्त हुई है। दोनों पक्षों के बयान और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।