बरेली। इज्जतनगर पुलिस ने मुठभेड़ में दो लुटेरों को गिरफ्तार कर महिला से मंगलसूत्र लूट की वारदात का खुलासा कर दिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को खेतों से घेराबंदी कर दबोच लिया गया। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मंगलसूत्र, अवैध तमंचा, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर बाइक बरामद हुई है। घटना में शामिल तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक सैदपुर पिकेट चेक पोस्ट पर देर रात वाहन चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान पीलीभीत रोड की ओर से आ रहे बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन दोनों तेज रफ्तार से भाग निकले। पीछा करने पर उनकी स्प्लेंडर बाइक खेत में फिसलकर गिर गई। इसके बाद पीछे बैठे आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें जीतू उर्फ जतिन पुत्र दिनेश के पैर में गोली लग गई। उसके पास से 315 बोर का तमंचा, नाल में फंसा खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
100 मीटर दूर से दबोचा दूसरा आरोपी
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने करीब 100 मीटर दूर से दूसरे आरोपी शिवा पुत्र सूरज निवासी वाडिया लाइन, चनेहटा थाना कैंट को गिरफ्तार कर लिया। उसकी तलाशी में 11 जुलाई को आलोक नगर में महिला से लूटा गया मंगलसूत्र बरामद हुआ। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर बाइक भी कब्जे में ले ली। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
पूछताछ में कबूली लूट, तीसरे साथी की तलाश जारी
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने 11 जुलाई को आलोक नगर में महिला से मंगलसूत्र लूटने की वारदात स्वीकार की। जांच में लकी उर्फ पवन पुत्र दयाराम निवासी रामगंगा कॉलोनी, थाना बिथरी चैनपुर की संलिप्तता भी सामने आई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस पर फायरिंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा
सीओ तृतीय शिवम आशुतोष ने बताया कि वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्धों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में आत्मरक्षा में कार्रवाई की गई। मुठभेड़ में एक आरोपी घायल हुआ और दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके कब्जे से लूटा गया मंगलसूत्र, अवैध तमंचा और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई है। तीसरे आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।