bareilly newsइन आरोपियों को माफिया घोषित किया।

बरेली। जिले में संगठित अपराध पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गौकशी, मादक पदार्थों की तस्करी और लूटपाट जैसे गंभीर अपराधों में सक्रिय तीन संगठित गिरोहों को जिला स्तरीय माफिया घोषित किया गया है। इन गिरोहों से जुड़े कुल 11 अपराधियों को चिह्नित करते हुए उनकी अवैध संपत्तियों, आर्थिक नेटवर्क और वित्तीय लेनदेन की जांच के निर्देश दिए गए हैं।

एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना फरीदपुर और शाही पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर तीन गिरोहों को माफिया घोषित किया गया। पुलिस के अनुसार ये गिरोह संगठित तरीके से अपराध कर अवैध कमाई जुटाने के साथ समाज में भय और असुरक्षा का माहौल बना रहे थे।

गौकशी गिरोह का सरगना फातून घोषित

थाना फरीदपुर क्षेत्र के मेवासर्फापुर निवासी फातून पुत्र दौलत खां को गौकश माफिया घोषित किया गया है। पुलिस के अनुसार उसका गिरोह संगठित रूप से गौकशी कर अवैध कमाई करता था। इस गिरोह में बेचे खां, तैय्यब उर्फ तोईयाब खां, याकूब खां और कासिम भी शामिल हैं। वहीं फरीदपुर निवासी मोहम्मद शेर खान पुत्र नवीशेर खान को मादक पदार्थ तस्कर माफिया घोषित किया गया है। पुलिस का आरोप है कि वह लंबे समय से नशीले पदार्थों की तस्करी कर अवैध आर्थिक लाभ अर्जित कर रहा था।

लूटपाट करने वाला गिरोह भी माफिया घोषित

थाना शाही पुलिस की रिपोर्ट पर दुनका निवासी नन्हू उर्फ नन्हे उर्फ लालताप्रसाद पुत्र छोटेलाल को अपराध माफिया घोषित किया गया है। इस गिरोह में गिरीश पाल उर्फ गुड्डू, धर्मेंद्र, चंद्र प्रकाश और राहुल शामिल हैं। पुलिस के अनुसार यह गिरोह संगठित तरीके से लूटपाट की वारदातों को अंजाम देकर अवैध कमाई करता था।

अवैध संपत्तियों की होगी जांच

एसएसपी अनुराग आर्य ने तीनों माफिया गिरोहों की अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों, आर्थिक नेटवर्क और वित्तीय लेनदेन की विस्तृत जांच कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिले में गौकशी, मादक पदार्थों की तस्करी, लूटपाट और अन्य संगठित अपराधों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अपराधियों के आर्थिक तंत्र को ध्वस्त कर उन्हें कानून के दायरे में लाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *