बरेली। सीबीगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट में कई लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर फायरिंग करने का भी आरोप लगाया। हालांकि पुलिस ने शुरुआती जांच में फायरिंग की पुष्टि नहीं की है।
जिला अस्पताल में भर्ती सराय तल्फी निवासी रवि यादव ने बताया कि वह गुरुवार सुबह अपनी भैंसों को चराने के लिए गांव के बाहर जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में गांव के ही चिकू, भीमसेन और उनके कई साथियों ने उन्हें घेर लिया। इसके बाद आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। रवि का कहना है कि मारपीट के दौरान उन पर फायरिंग भी की गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मां और बहन भी मारपीट में घायल
रवि यादव के अनुसार, शोर सुनकर उनकी मां श्यामवती और बहन प्रियांशी बीच-बचाव के लिए मौके पर पहुंचीं, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी। हमले में परिवार के कई लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घायल रवि यादव का कहना है कि आरोपियों से उनकी कोई पुरानी रंजिश नहीं है। उनका आरोप है कि गांव के कुछ दबंग और बदमाश प्रवृत्ति के लोगों ने बिना किसी कारण उन पर हमला कर दिया। वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से भी मारपीट और फायरिंग के आरोप लगाए जा रहे हैं। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है।
पुलिस बोली- फायरिंग की पुष्टि नहीं
सीबीगंज थाना प्रभारी विनोद सिंह ने बताया कि दोनों पक्ष एक-दूसरे पर फायरिंग का आरोप लगा रहे हैं, लेकिन अभी तक की जांच में फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है। घटनास्थल से ऐसा कोई साक्ष्य भी नहीं मिला है, जिससे फायरिंग की बात साबित हो सके। उन्होंने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। उनका कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से पूछताछ की जाएगी और तहरीर मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही घटना के वास्तविक कारणों का भी पता लगाया जा रहा है, ताकि दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।