बरेली। मनौना धाम के महंत ओमेन्द्र महाराज के खिलाफ सोशल मीडिया पर अशोभनीय और धमकी भरी वीडियो वायरल करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को आंवला पुलिस ने महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पुणे के पास एक मशरूम फैक्ट्री में छिपकर रह रहा था। ट्रांजिट रिमांड पर उसे बरेली लाया गया, जहां कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
10 जून 2026 को मनौना निवासी मोहित पाठक ने आंवला थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि भुर्जी टोला निवासी रोहित यादव उर्फ पप्पू ने मनौना धाम के महंत श्री ओमेन्द्र महाराज के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र और धमकीपूर्ण वीडियो पोस्ट की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर मामले में बीएनएस की धारा बढ़ाई गई। आरोपी रोहित यादव थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है।
सर्विलांस की मदद से महाराष्ट्र में मिली लोकेशन
आरोपी की तलाश में आंवला थाना पुलिस की टीम तीन जुलाई को महाराष्ट्र रवाना हुई। सर्विलांस सेल से मिली सूचना के आधार पर छह जुलाई को आरोपी को महाराष्ट्र स्थित मैंगे एग्रो मशरूम फैक्ट्री से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उसका चिकित्सीय परीक्षण वाईसीएम अस्पताल, पुणे में कराया गया और उसे थाना देहू रोड में दाखिल किया गया। सात जुलाई को आरोपी को वडगांव मावल (पुणे) स्थित न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने 10 जुलाई तक का ट्रांजिट रिमांड मंजूर किया। इसके बाद पुलिस टीम आरोपी को सकुशल बरेली लेकर पहुंची। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
आठ मुकदमों में नामजद है आरोपी
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार रोहित यादव उर्फ पप्पू के खिलाफ मारपीट, धमकी, हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में पहले से आठ मुकदमे दर्ज हैं। वह आंवला थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मपाल सिंह, उपनिरीक्षक सोमपाल सिंह और आरक्षी जयंत चौधरी की टीम महाराष्ट्र भेजी गई थी। सर्विलांस की मदद से टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए बरेली लाकर कार्रवाई की।