bareillyप्रतिकात्मक चित्र

बरेली। हर महीने 5 से 6 फीसदी तक मुनाफा देने का झांसा देकर निवेश कराने वाली बॉटब्रो कंपनी के खिलाफ बरेली में धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ है। आरोप है कि कंपनी से जुड़े लोगों ने एक युवक से 6 लाख नकद और ऑनलाइन माध्यम से लाखों रुपये निवेश कराए और बाद में रकम वापस नहीं की। पीड़ित की शिकायत पर एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर बारादरी पुलिस ने कंपनी के मालिक समेत तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बारादरी थाना क्षेत्र के सुरेश शर्मा नगर निवासी निदेश गंगवार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके एक मित्र के माध्यम से उनकी मुलाकात लखनऊ निवासी धीरज राज और रजनीश रोशन से हुई थी। दोनों ने बॉटब्रो प्लेटफॉर्म में निवेश कराने का प्रस्ताव दिया और हर महीने 5 से 6 फीसदी तक निश्चित मुनाफा मिलने का दावा किया। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि कंपनी के मालिक लबिश चौधरी से उनका सीधा संपर्क है और निवेश पूरी तरह सुरक्षित रहेगा।

शुरुआत में दिया मुनाफा, फिर बढ़ाया निवेश

शिकायत के अनुसार शुरुआती दौर में निवेशकों को समय पर मुनाफा और निकासी का भुगतान मिलता रहा। इससे लोगों का भरोसा बढ़ा और कई निवेशकों ने बड़ी रकम निवेश कर दी। आरोप है कि बाद में कंपनी ने प्लेटफॉर्म बदलने और खाते स्थानांतरित करने का हवाला देकर दोबारा पैसा जमा कराया। इसके बाद निकासी में देरी होने लगी और फिर भुगतान पूरी तरह बंद कर दिया गया। अब न तो प्लेटफॉर्म संचालित हो रहा है और न ही कंपनी से जुड़े लोगों से संपर्क हो पा रहा है। पीड़ित का आरोप है कि उसने कुल 6 लाख रुपये निवेश किए, जिसमें नकद राशि भी शामिल थी। रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी और बाद में संपर्क भी बंद कर दिया। इससे उसे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

इन कंपनियों के माध्यम से जमा कराई गई रकम

तहरीर में बताया गया है कि निवेश की राशि विभिन्न भुगतान माध्यमों और कंपनियों के जरिए जमा कराई गई। इनमें चैप्टर मनी सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड, टाइगर डिजिटल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, एनपे बॉक्स प्राइवेट लिमिटेड और किंडेंट बिजनेस सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड सहित अन्य माध्यम शामिल हैं। पीड़ित का यह भी कहना है कि उसने धीरज राज को 6 लाख रुपये नकद भी दिए थे। पीड़ितों ने मामले की शिकायत आरबीआई के सचेत पोर्टल पर भी दर्ज कराई है। उनका कहना है कि कंपनी के खिलाफ पहले भी कार्रवाई की मांग की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। निवेशकों का दावा है कि प्लेटफॉर्म से जुड़े कुछ खातों और भुगतान माध्यमों की विभिन्न एजेंसियां भी जांच कर रही हैं।

एसएसपी के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा

एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर बारादरी पुलिस ने कंपनी के मालिक लबिश चौधरी, धीरज राज और रजनीश रोशन समेत तीन आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब पूरे निवेश नेटवर्क, भुगतान के स्रोत, लेनदेन और इस कथित निवेश घोटाले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस मामले में कितने निवेशकों की रकम फंसी है और कुल कितनी धनराशि का लेनदेन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *