up newsजिला अस्पताल में भर्ती घायल यात्री

बरेली। बरेली में गुरुवार तड़के दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। सीबीगंज थाना क्षेत्र के परधौली गांव के पास दिल्ली से पीलीभीत के पूरनपुर जा रही एक स्लीपर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस में सवार 50 से अधिक यात्री घायल हो गए। इनमें 25 से ज्यादा यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल व आसपास के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया।

हादसा सुबह करीब चार बजे हुआ, जब बस में सवार अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। अचानक बस पलटने से यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री बस के अंदर फंस गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला और राहत-बचाव अभियान चलाया।

इलाज कराकर लौट रहा था परिवार

पीलीभीत जिले के पूरनपुर थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव निवासी मोहम्मद परवेज ने बताया कि वह पत्नी नगमा और डेढ़ साल के बेटे फैज के साथ दिल्ली से लौट रहे थे। बेटे फैज का दिल्ली में इलाज चल रहा था। हादसे में पत्नी नगमा गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि मासूम फैज का एक हाथ टूट गया और वह बेहोशी की हालत में है। परवेज को भी शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। घायल नगमा ने आशंका जताई कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण बस अनियंत्रित होकर पलट गई। उनका कहना है कि बस किसी दूसरे वाहन से नहीं टकराई थी। पुलिस भी हादसे के कारणों की जांच कर रही है और चालक से पूछताछ की तैयारी में जुटी है।

पुलिस ने शीशे तोड़कर बचाई यात्रियों की जान

हादसे की सूचना मिलते ही सीबीगंज पुलिस मौके पर पहुंची। बस में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए पुलिस ने बस के शीशे तोड़े और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। गंभीर घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जबकि अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। पुलिस ने बस को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया चालक को झपकी आने की आशंका सामने आई है, हालांकि जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *