bareillyसड़कों पर हुआ जलभराव

बरेली। जिले में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। मंगलवार रात से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला बुधवार को पूरे दिन रुक-रुककर जारी रहा। देर शाम करीब एक घंटे तक हुई झमाझम बारिश ने शहर को पूरी तरह भिगो दिया। गुरुवार सुबह भी आसमान में घने बादल छाए रहे और रुक-रुककर बारिश होती रही। मौसम विभाग ने बीते 24 घंटे में 31.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज करते हुए अगले दो दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने गरज-चमक, तेज हवाओं और कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है।

बुधवार सुबह और दोपहर में जिले के विभिन्न हिस्सों में खंडवर्षा हुई। दोपहर में कुछ देर धूप जरूर निकली, लेकिन हवा में नमी अधिक होने के कारण गर्मी का असर कम रहा। अधिकतम तापमान दो डिग्री गिरकर 32.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा।

जिले में यहां हुई सबसे ज्यादा बारिश

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार शाम तक शहर में 12.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं बीते 24 घंटे में बहेड़ी में 28 मिमी, आंवला में 21.4 मिमी, फरीदपुर में 14 मिमी, नवाबगंज में 5 मिमी और मीरगंज में 2.5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। विभाग का कहना है कि जहां अनुकूल परिस्थितियां बनेंगी, वहां गरज के साथ तेज बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।

पहली तेज बारिश में खुली तैयारियों की पोल

मानसून की पहली तेज बारिश ने नगर निगम के दावों की भी पोल खोल दी। शहर के निचले इलाकों के साथ-साथ कई पॉश कॉलोनियां भी जलभराव की चपेट में आ गईं। कई स्थानों पर सड़कों पर करीब दो फुट तक पानी भर गया, जिससे यातायात प्रभावित रहा और लोगों को घंटों जाम का सामना करना पड़ा। कई वाहन बीच सड़क पर ही बंद हो गए। इस बीच सिकलापुर में जलभराव के बीच बच्चों द्वारा थर्माकोल की नाव चलाने का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होती रहीं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बारिश से पहले नालों की सफाई के बड़े-बड़े दावे किए गए थे, लेकिन अधिकांश स्थानों पर केवल औपचारिक सफाई ही की गई।

नारी निकेतन में भी जलभराव से परेशानी

हजियापुर स्थित नारी निकेतन परिसर भी जलभराव से अछूता नहीं रहा। परिसर के अंदर और बाहर पानी भर जाने से महिलाओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। नारी निकेतन के अधीक्षक ने बताया कि पानी भरने के कारण महिलाओं को तख्त पर बैठकर खाना बनाना पड़ रहा है। मुख्य प्रवेश द्वार पर घुटनों तक पानी भर जाने से परिसर में आना-जाना भी मुश्किल हो गया है।

अगले दो दिन सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक जिले में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लोगों को अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर जाने से बचने, जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने तथा गरज-चमक के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *