बरेली। बारिश के मौसम में सांपों का खतरा बढ़ने लगा है। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सांप के डसने की दो घटनाएं सामने आई हैं। हाफिजगंज में घर के अंदर सो रही युवती को सांप ने डस लिया, जबकि मीरगंज में धान के खेत में घास साफ कर रहे किसान को सांप ने अपना शिकार बनाया। दोनों की हालत बिगड़ने पर इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
आधी रात घर में सो रही रुचि को सांप ने डसा
पहली घटना हाफिजगंज थाना क्षेत्र के गांव बीसी रमपुरा की है। शनिवार रात करीब एक बजे 18 वर्षीय रुचि घर में सो रही थी। इसी दौरान अचानक एक सांप ने उसके हाथ में डस लिया। तेज दर्द होने पर रुचि की चीख निकल गई। आवाज सुनकर परिवार के लोग जागे तो घटना की जानकारी हुई। परिजन आनन-फानन में रुचि को हाफिजगंज के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। युवती को जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है।
धान के खेत में किसान कल्लू राम को सांप ने बनाया शिकार
दूसरी घटना मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव गुगई में रविवार सुबह हुई। गांव निवासी 45 वर्षीय कल्लू राम पुत्र डोरी लाल अपने खेत में धान की फसल के बीच उगी घास साफ कर रहे थे। इसी दौरान खेत में मौजूद सांप ने उनके हाथ में डस लिया। सांप के डसते ही किसान घबरा गए, लेकिन किसी तरह खेत से बाहर निकले और परिजनों को इसकी जानकारी दी। परिवार के लोग तत्काल उन्हें मीरगंज के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बारिश में खेत-खलिहान और घरों के आसपास बढ़ जाता है खतरा
बरसात के दिनों में खेतों, झाड़ियों और जलभराव वाले इलाकों में सांप निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। रात में अंधेरे स्थानों पर जाने से पहले रोशनी का इस्तेमाल करना और खेतों में काम करते समय सावधानी बरतना जरूरी है। सांप के काटने पर झाड़-फूंक या घरेलू उपचार में समय गंवाने के बजाय पीड़ित को जल्द से जल्द नजदीकी अस्पताल पहुंचाना चाहिए, ताकि समय पर चिकित्सकीय उपचार मिल सके।