बरेली। जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एसएसपी अनुराग आर्य ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। जारी तबादला आदेश के तहत निरीक्षक और उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए चार पुलिस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नए तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

सीबीगंज, विशारतगंज और सिरौली की बदली कमान

तबादला सूची के मुताबिक, अब तक सीबीगंज के प्रभारी निरीक्षक रहे प्रदीप कुमार चतुर्वेदी को हटाकर विशारतगंज थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं सिरौली थाना प्रभारी विनोद सिंह को अब सीबीगंज थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दूसरी ओर, कोतवाली क्षेत्र की बिहारीपुर चौकी के प्रभारी रोहित कुमार को पदोन्नति के साथ सिरौली थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है।

महिला थाने की जिम्मेदारी छवि सिंह को

प्रशासनिक फेरबदल के तहत जनपदीय महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन की प्रभारी निरीक्षक छवि सिंह को महिला थाना प्रभारी बनाया गया है। महिला सुरक्षा, महिला उत्पीड़न और महिला संबंधी मामलों की निगरानी अब उनकी अगुवाई में होगी।

तत्काल कार्यभार संभालने के निर्देश/

एसएसपी अनुराग आर्य की ओर से जारी आदेश में सभी स्थानांतरित अधिकारियों को बिना विलंब अपने नए तैनाती स्थल पर पहुंचकर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस विभाग का मानना है कि यह बदलाव जिले की पुलिस व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से किया गया है।

अपराध नियंत्रण और गश्त पर रहेगा फोकस

एसएसपी के अनुसार, संवेदनशील थाना क्षेत्रों में नए प्रभारियों की तैनाती से अपराध नियंत्रण, गश्त व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने में मदद मिलेगी। माना जा रहा है कि नई तैनाती के बाद संबंधित थाना क्षेत्रों में पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *