बरेली। एस्कॉर्ट सर्विस में नौकरी दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने एक कारोबारी से करीब 25 लाख रुपये ठग लिए। ठगी के बाद आरोपितों ने फोटो और वीडियो इंटरनेट पर वायरल करने तथा परिवार को भेजने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना भी शुरू कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

बहेड़ी के मस्ताना मोहल्ला निवासी कारोबारी ने पुलिस को बताया कि वह प्रयागराज में धान का व्यापार करते हैं। मई 2026 में उन्होंने फेसबुक पर एस्कॉर्ट सर्विस में नौकरी का एक विज्ञापन देखा। लिंक पर क्लिक करने के बाद व्हाट्सएप के माध्यम से उनकी बातचीत कथित कंपनी के लोगों से शुरू हुई।

रजिस्ट्रेशन होटल बुकिंग के नाम पर जमा कराये रुपये

आरोप है कि ठगों ने पहले सर्विस चार्ज, रजिस्ट्रेशन फीस, होटल बुकिंग और मेडिकल सहित अन्य प्रक्रियाओं के नाम पर रकम जमा कराई। भरोसा दिलाया गया कि जॉइनिंग के बाद पूरी राशि वापस कर दी जाएगी और यदि जॉइनिंग नहीं हुई तो भी पैसा लौटा दिया जाएगा। कुछ समय बाद आरोपितों ने कारोबारी को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। 

परिवार वालों को फोटो और वीडियो भेजने की दी धमकी

उन्होंने फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने तथा परिवार के लोगों को भेजने की धमकी दी। बदनामी के डर से पीड़ित लगातार रुपये भेजता रहा। इस तरह साइबर ठगों ने उससे करीब 25 लाख रुपये ऐंठ लिए। मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान होने के बाद कारोबारी ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *