बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र में पहचान छिपाकर दोस्ती करने और बाद में धर्म परिवर्तन व शादी का दबाव बनाने का मामला सामने आया है। एक युवती ने दूसरे समुदाय के युवक पर अपना नाम बदलकर विश्वास जीतने, असली पहचान छिपाने और बाद में धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने युवती की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
छह महीने तक छिपाई पहचान
पीड़ित युवती के अनुसार करीब छह माह पहले राहुल नाम बताकर एक युवक उसके संपर्क में आया। बातचीत के दौरान दोनों के बीच दोस्ती हो गई। युवती का आरोप है कि युवक ने अपनी असली पहचान पूरी तरह छिपाए रखी। बाद में जानकारी मिली कि उसका वास्तविक नाम राहुल नहीं बल्कि शाहरुख है। यह सच्चाई सामने आने के बाद युवती ने उससे सभी संबंध और बातचीत समाप्त कर दी।
बात बंद होते ही शादी का दबाव
युवती का आरोप है कि बातचीत बंद करने के बाद शाहरुख का व्यवहार पूरी तरह बदल गया। वह कई बार रास्ते में रोककर शादी करने का दबाव बनाने लगा। इतना ही नहीं, लगातार फोन कर परेशान किया और बार-बार निकाह के लिए दबाव डालता रहा। युवती का कहना है कि उसके इनकार करने पर युवक ने जान से मारने की धमकी भी दी।
धर्म परिवर्तन करो, फिर शादी होगी
पीड़िता का आरोप है कि युवक केवल शादी की बात नहीं कर रहा था, बल्कि उस पर धर्म परिवर्तन करने का भी दबाव बना रहा था। लगातार मानसिक उत्पीड़न और धमकियों से परेशान होकर उसने इज्जतनगर थाने पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की शिकायत पुलिस से की और सुरक्षा की मांग की।
पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट, शुरू हुई जांच
इज्जतनगर पुलिस ने युवती की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।