बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित बरेली दौरे की तारीख लगभग तय हो गई है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री 29 जून को विमान से त्रिशूल एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वह हेलिकॉप्टर के जरिए पीलीभीत और फिर मुरादाबाद जाएंगे। मुरादाबाद में रात्रि विश्राम के बाद 30 जून को रामपुर में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद हेलिकॉप्टर से बरेली पुलिस लाइन पहुंचकर सर्किट हाउस में मंडलीय समीक्षा बैठक करेंगे। शाम को रामगंगानगर स्थित बीडीए की रामायण वाटिका का लोकार्पण भी कर सकते हैं।

हालांकि शासन की ओर से मुख्यमंत्री के दौरे का आधिकारिक कार्यक्रम अभी जारी नहीं किया गया है, लेकिन मुख्यमंत्री कार्यालय से प्रस्तावित तिथियों की सूचना जिला प्रशासन को मिल चुकी है। इसी के मद्देनजर जिलाधिकारी अविनाश सिंह, एसएसपी अनुराग आर्य, एसपी सिटी मानुष पारीक समेत प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने शनिवार को सर्किट हाउस और त्रिशूल एयरपोर्ट का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने सर्किट हाउस में रंग-रोगन, फुटपाथ मरम्मत, सभागार में चल रहे कार्यों तथा पार्किंग व्यवस्था का निरीक्षण किया। साथ ही सर्किट हाउस से त्रिशूल एयरपोर्ट तक यातायात व्यवस्था का भी परीक्षण किया गया।

दोपहर के भोजन को लेकर अंतिम फैसला बाकी

मुख्यमंत्री के बरेली आगमन के बाद उनके अगले कार्यक्रम को लेकर अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। यदि मुख्यमंत्री दोपहर का भोजन बरेली में करेंगे तो वह सड़क मार्ग से सर्किट हाउस पहुंचेंगे और वहां से पुलिस लाइन होकर हेलिकॉप्टर से पीलीभीत रवाना होंगे। दूसरी संभावना यह भी है कि वह एयरपोर्ट से सीधे हेलिकॉप्टर के जरिए पीलीभीत के लिए उड़ान भरें।

मंडलीय समीक्षा को लेकर चार जिलों में तैयारियां तेज

मुख्यमंत्री की प्रस्तावित मंडलीय समीक्षा बैठक को देखते हुए बरेली, पीलीभीत, बदायूं और शाहजहांपुर में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। विभिन्न विभाग मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ग्रिड योजना की समीक्षा भी करेंगे। हाल ही में जल निगम के कार्यों में सामने आई अनियमितताओं के चलते विभागीय अधिकारियों से भी विस्तृत प्रगति रिपोर्ट मांगी गई है। करीब 4000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास का प्रस्ताव भी है, हालांकि जनसभा को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।

रामायण वाटिका पूरी तरह तैयार

बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) कार्यालय के समीप 33 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में लगभग 46 करोड़ रुपये की लागत से विकसित रामायण वाटिका को अंतिम रूप दे दिया गया है। परिसर में 51 फीट ऊंची भगवान श्रीराम की प्रतिमा स्थापित की जा चुकी है। बीडीए कार्यालय परिसर को आकर्षक रोशनी से सजाया गया है और सभी शेष कार्य पूरे कर लिए गए हैं। मुख्यमंत्री के भ्रमण के दौरान यहां लेजर शो भी प्रस्तावित है।

पीडब्ल्यूडी के 774 कार्यों पर होगी समीक्षा

मुख्यमंत्री लोक निर्माण विभाग की मंडलीय कार्ययोजना की भी समीक्षा करेंगे। इस दौरान 3152.64 करोड़ रुपये की लागत वाले 774 प्रस्तावित विकास कार्यों पर चर्चा होगी। इनमें नई सड़कें, फ्लाईओवर, बाइपास, सेतु, भवन निर्माण और अन्य आधारभूत विकास परियोजनाएं शामिल हैं। जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों को भी प्राथमिकता के आधार पर कार्ययोजना में शामिल किया जाएगा।

वन राज्यमंत्री ने की तैयारियों की समीक्षा

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे से पहले शनिवार को वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री डॉ. अरुण कुमार ने सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने लोकार्पण और शिलान्यास से जुड़ी परियोजनाओं की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के दौरे की सभी तैयारियां समयबद्ध, व्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी की जाएं।

सुरक्षा में तैनात होंगे एक हजार पुलिसकर्मी

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की जा रही है। एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि सुरक्षा ड्यूटी में पांच अपर पुलिस अधीक्षक, नौ क्षेत्राधिकारी तथा करीब एक हजार पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। इसके लिए रेंज स्तर से अतिरिक्त पुलिस बल भी मांगा जाएगा। मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम जारी होने के बाद उसी के अनुरूप एयरपोर्ट, हेलिपैड, कार्यक्रम स्थल और यातायात व्यवस्था में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *