पीलीभीत। कई चर्चित एनकाउंटर का नेतृत्व कर चुके गैलंट्री अवॉर्ड से सम्मानित जांबाज आईपीएस अजय साहनी की पैनी मॉनिटरिंग में पीलीभीत पुलिस ने एक लाख के इनामी सुपारी किलर सर्वजीत का खेल हमेशा के लिए खत्म कर दिया। महज 20 हजार रुपये की सुपारी लेकर दिनदहाड़े कपड़ा व्यापारी पप्पू गुप्ता की हत्या करने वाला शातिर शूटर सर्वजीत उर्फ शिवम आखिरकार पुलिस की गोलियों का निशाना बन गया।

करीब एक महीने तक उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए चुनौती बने इस एक लाख रुपये के इनामी बदमाश को शनिवार देर रात बिलसंडा क्षेत्र में एसओजी और पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ में मार गिराया। इस दौरान हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में एसओजी के उपनिरीक्षक उमेश त्यागी और सिपाही हरेंद्र कुमार भी घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

28 में को की गई थी व्यापारी की हत्या

28 मई को बमरौली तिराहे पर हुई व्यापारी पप्पू गुप्ता की हत्या के बाद पूरे जिले में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने खुलासे के लिए पांच टीमें गठित की थीं। कई आरोपियों की गिरफ्तारी और एक आरोपी के कोर्ट में आत्मसमर्पण के बाद भी मुख्य शूटर सर्वजीत पुलिस की पकड़ से दूर था। उसकी गिरफ्तारी पर एडीजी रमित शर्मा ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।

घेराबंदी होते ही झोंक दी गोलियां, जवाबी कार्रवाई में ढेर

शनिवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि सर्वजीत बिलसंडा क्षेत्र में मौजूद है। सूचना पर बिलसंडा पुलिस और एसओजी ने शीतलपुर-मरौरी के पास घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक खुद को घिरता देख सर्वजीत ने पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह गोली लगने से मौके पर ढेर हो गया। उसके कब्जे से एक सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।

पारिवारिक रंजिश ने ली बेगुनाह व्यापारी की जान

पुलिस जांच में सामने आया कि इस हत्याकांड की जड़ पारिवारिक विवाद था। मुख्य आरोपी रमेश चंद्र कटियार ने अपने दामाद पंकज कटियार को सबक सिखाने के लिए सर्वजीत को 20 हजार रुपये की सुपारी दी थी। घटना वाले दिन पंकज अपने भाई श्यामसुंदर की साइकिल दुकान पर कपड़ा व्यापारी पप्पू गुप्ता के साथ बैठा था। बदमाश पंकज पर हमला करने पहुंचे, लेकिन बीच-बचाव करने आए पप्पू गुप्ता को सीने में गोली मार दी गई, जिससे उनकी मौत हो गई। इस वारदात ने पूरे जिले को झकझोर दिया था।

12 से ज्यादा मुकदमे, हत्या से गैंगस्टर तक का था रिकॉर्ड

खीरी जिले के नई बस्ती मोहनपुर उचौलिया निवासी 23 वर्षीय सर्वजीत उर्फ शिवम के खिलाफ हत्या, लूट, गैंगस्टर समेत 12 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। पुलिस के अनुसार वह लंबे समय से पेशेवर अपराधियों के गिरोह से जुड़ा था और सुपारी लेकर वारदातों को अंजाम देता था।

पुलिस का मिशन पूरा, नेटवर्क पर कार्रवाई जारी

एसपी पीलीभीत सुकीर्ति माधव ने बताया कि मुठभेड़ में इनामी बदमाश सर्वजीत की मौत हुई है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि हत्याकांड में शामिल पूरे नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी और शेष आरोपियों पर भी कानून का शिकंजा कसा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *