बरेली। डेलापीर मंडी के पास बाग के किनारे आईवीआरआई में कर्मचारी ने अपने बेटे व साथियों के साथ प्रापर्टी कारोबार में पार्टनर के बेटे पर जानलेवा हमला कर दिया। रास्ता जाम कर गाड़ी से बाहर खींच लिया, लात घूंसों से मारपीट कर धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। मामले की शिकायत इज्जतनगर थाना पुलिस से की गई, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसके बाद एसएसपी के आदेश पर इज्जतनगर थाने में हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
डेलापीर निवासी मोहम्मद फजल ने बताया कि उनके पिता अहमद खान और शेर बहादुर मिलकर वर्षों से जमीन का कारोबार कर रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से बदनीयती के कारण शेरबहादुर और उनके पिता में कहासुनी हो गई। इसका एक मुकदमा कोर्ट में चल रहा है। इसी मामले की सुनवाई के लिए दोनों पक्ष 6 जुलाई को अदालत पहुंचे थे। आरोप है कि कोर्ट की कार्यवाही समाप्त होने के बाद जब वह कार से घर लौट रहे थे, तभी दोपहर को डेलापीर मंडी से आगे आम के बाग के पास पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन्हें घेर लिया।
गाड़ी से खींचकर की मारपीट, जान से मारने की धमकी
पीड़ित का आरोप है कि शेर बहादुर, उसका बेटा गुलाम साबिर, इसरार उर्फ कल्लू, इस्लाम साबिर और कुछ अज्ञात लोगों ने उन्हें कार से बाहर खींच लिया। गाली-गलौज करते हुए कहा कि बहुत मुकदमे कर लिए, आज तुझे जिंदा नहीं छोड़ेंगे। विरोध करने पर आरोपियों ने धारदार हथियार, लात-घूंसों और थप्पड़ों से हमला कर दिया। शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने डायल-112 पर सूचना दी। इसके बाद इज्जतनगर थाने पहुंचे। लेकिन थाना पुलिस ने पीड़ित की बात नहीं सुनी।
जमीन विवाद को बताया हमले की वजह
मोहम्मद फजल ने आरोप लगाया कि उनके पिता के साथ साझेदारी के दौरान करीब 2100 वर्ग गज जमीन की रजिस्ट्री और बैंक खाते से जुड़ी धोखाधड़ी की गई थी। आरोपियों ने पार्टनरशिप में उनके पिता के हिस्से की भी जमीन बेच दी। उसके रुपये जब खाते में आये तो आफिस में रखी चेकबुक से रुपये निकाल लिये। कहा कि ये व्यापार में लगायेंगे। इसके बाद जब अपने हिस्से की जमीन बेचने की बात आई तो उसे अपने बेटे और परिवार वालों के नाम करवाकर धोखाधड़ी कर दी। इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से मुकदमेबाजी चल रही है। उनका कहना है कि आरोपी लगातार उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं।