बरेली। सुभाषनगर स्थित अंधी पुलिया के नाले की सफाई के चलते शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। ट्रैफिक पुलिस ने 10 जुलाई की सुबह 7 बजे से 13 जुलाई की शाम 8 बजे तक अंधी पुलिया से सुभाषनगर की ओर जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी है। इस दौरान लोगों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना होगा, ताकि जाम और असुविधा से बचा जा सके।

चार दिन रहेगा डायवर्जन, इन रास्तों से करें सफर

यातायात पुलिस के अनुसार सुभाषनगर से शहर की ओर आने वाले वाहन वाजपेयी ढाल, सुभाषनगर चुंगी, बदायूं रोड और चौपला पुल होकर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। वहीं जंक्शन तिराहा और कचहरी की ओर से सुभाषनगर जाने वाले वाहनों को थाना सुभाषनगर के सामने से मॉल रोड होते हुए चौपला पुल के रास्ते भेजा जाएगा। अंधी पुलिया मार्ग पूरी तरह बंद रहने के कारण इस रूट पर किसी भी वाहन को प्रवेश नहीं मिलेगा।

जाम से बचने के लिए पहले ही बदलें अपना रास्ता

ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि नाले की सफाई का कार्य निर्धारित समय में पूरा कराने और लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है। ऐसे में जिन लोगों को सुभाषनगर या उससे जुड़े क्षेत्रों में जाना है, वे यात्रा शुरू करने से पहले वैकल्पिक मार्ग का चयन करें।

एसपी ट्रैफिक मो. अकमल खान का बयान

पुलिस अधीक्षक यातायात मो. अकमल खान ने कहा 10 जुलाई की सुबह 7 बजे से 13 जुलाई की शाम 8 बजे तक अंधी पुलिया मार्ग पर सुभाषनगर की ओर जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। आमजन से अपील है कि वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें और यातायात पुलिस का सहयोग करें, ताकि नाले की सफाई का कार्य सुरक्षित एवं समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *