up newsबैठक में मौजूद डीएम-एसएसपी और अन्य अधिकारी

बरेली। 108वें उर्स-ए-रज़वी के सफल आयोजन को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम अविनाश कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक की गई। बैठक में एसएसपी अनुराग आर्य, प्रशासनिक अधिकारियों और दरगाह आला हज़रत के प्रतिनिधिमंडल ने भाग लिया। 7, 8 और 9 अगस्त को होने वाले उर्स की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

दरगाह प्रमुख हज़रत सुब्हानी मियां और सज्जादानशीन बदरूशरिया मुफ्ती अहसन मियां की ओर से प्रतिनिधिमंडल में शामिल हाजी जावेद खान ने पिछले वर्षों में प्रशासन की ओर से कराई गई व्यवस्थाओं के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष उर्स-ए-रज़वी की तैयारियां दरगाह स्तर पर शुरू हो चुकी हैं।

0

जायरीन की सुविधाओं को लेकर रखीं प्रमुख मांगें

बैठक में नगर निगम, स्वास्थ्य, बिजली, पेयजल, सफाई, शौचालय, वुज़ू के लिए टोटियों, प्रकाश व्यवस्था, यातायात और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को समय से पूरा कराने की मांग उठाई गई। प्रतिनिधिमंडल ने उर्स परिसर और दरगाह क्षेत्र में विशेष प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी अनुरोध किया। वहीं टीटीएस के औरंगजेब नूरी, शाहिद नूरी, परवेज़ नूरी और अजमल नूरी ने भी उर्स को अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए अपने सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे।

डीएम बोले- पिछले साल से बेहतर हों व्यवस्थाएं

जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने कहा कि आला हज़रत का उर्स बरेली का प्रमुख धार्मिक आयोजन है, जिसमें देश-विदेश से बड़ी संख्या में जायरीन पहुंचते हैं। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि पिछले वर्षों से बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े। एसएसपी अनुराग आर्य ने भी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ये अधिकारी और प्रतिनिधि रहे मौजूद

दरगाह के मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि बैठक में पुलिस, प्रशासन, नगर निगम, स्वास्थ्य, बिजली, शिक्षा और संचार विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से सिटी मजिस्ट्रेट, एसपी सिटी, ट्रैफिक पुलिस और सीओ सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए। वहीं दरगाह की ओर से ताहिर अल्वी, शान रज़ा, मंज़ूर रज़ा समेत कई प्रतिनिधि बैठक में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *