बरेली। बहेड़ी तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस सोमवार को उस समय राजनीतिक रंग में रंग गया, जब समाजवादी पार्टी के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी नसीम अहमद समर्थकों के साथ तहसील पहुंचे। समर्थकों के हाथों में सपा विधायक अताउर्रहमान के खिलाफ ‘मुर्दाबाद’ लिखे पोस्टर थे। नसीम अहमद ने एसडीएम इशिता किशोर को ज्ञापन सौंपते हुए विधायक पर 132 केवीए विद्युत उपकेंद्र को बहेड़ी से रिछा स्थानांतरित कराने का गंभीर आरोप लगाया।
‘सब स्टेशन हटने से एक लाख आबादी बिजली संकट झेल रही’
नसीम अहमद ने आरोप लगाया कि तत्कालीन मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी ने बहेड़ी के लिए 132 केवीए विद्युत उपकेंद्र स्वीकृत किया था, लेकिन विधायक अताउर्रहमान ने इसे अपने गृह नगर रिछा स्थानांतरित करा दिया। उनका कहना था कि इसके कारण बहेड़ी नगर और आसपास की करीब एक लाख आबादी वर्षों से बिजली संकट का सामना कर रही है। उन्होंने बहेड़ी में तत्काल नया 132 केवीए सब स्टेशन स्थापित कराने की मांग की।
‘उद्योग और कारोबार भी हो रहे प्रभावित’
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में करीब 20 राइस मिल, कई निजी अस्पताल, आरा मशीनें, स्कूल, कॉलेज, कपड़ा बाजार और अनेक लघु उद्योग संचालित हैं। पर्याप्त बिजली व्यवस्था नहीं होने से कारोबार और उद्योग प्रभावित हो रहे हैं। उनका कहना था कि नया सब स्टेशन बनने से पूरे क्षेत्र के व्यापार और उद्योग को राहत मिलेगी।
तहसील परिसर के बाहर विधायक पर बोला हमला
ज्ञापन देने के बाद नसीम अहमद ने तहसील सभागार के बाहर समर्थकों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने विधायक अताउर्रहमान पर जमकर निशाना साधा और क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर सरकार और जनप्रतिनिधियों पर सवाल उठाए। समाधान दिवस के दौरान बड़ी संख्या में समर्थकों की मौजूदगी से माहौल राजनीतिक हो गया।
रेलवे ओवरब्रिज और किसानों के भुगतान की उठाई मांग
नसीम अहमद ने केसर रेलवे क्रॉसिंग और मुड़िया रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि नगर की लगभग 30 प्रतिशत आबादी रेलवे लाइन के दूसरी ओर रहती है और करीब 800 गांवों के लोगों का आवागमन इन्हीं क्रॉसिंगों से होता है। ट्रेनों के गुजरने के दौरान लंबा जाम लगने से लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने केसर चीनी मिल पर किसानों का 161 करोड़ रुपये का बकाया गन्ना भुगतान जल्द दिलाने की भी मांग की। उनका कहना था कि भुगतान न मिलने से किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।
दिल्ली बस सेवा और अस्पताल की सुविधाएं बढ़ाने की मांग
पूर्व प्रत्याशी ने बहेड़ी से दिल्ली के लिए रात्रिकालीन बस सेवा शुरू कराने की मांग भी की। उनका कहना था कि इससे व्यापारियों, मरीजों और यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। इसके अलावा सरकारी अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन लगाने, चिकित्सकों की कमी दूर करने, सभी जरूरी जांच समय पर उपलब्ध कराने और पुरानी एक्स-रे मशीन को बदलकर नई मशीन लगाने की भी मांग प्रशासन के सामने रखी गई।