अपना खोया मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी

बरेली। बरेली पुलिस ने गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद करने के अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। जून महीने में जिले की साइबर टीम और सर्विलांस सेल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 466 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 93 लाख रुपये बताई गई है। सोमवार को रिजर्व पुलिस लाइंस स्थित रविंद्रालय में आयोजित कार्यक्रम में इन सभी मोबाइलों को उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया गया। अपना खोया मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी और उन्होंने बरेली पुलिस का आभार जताया।

एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देशन में चलाए गए इस विशेष अभियान की निगरानी अपर पुलिस अधीक्षक स्तर से की गई। जिले के विभिन्न थानों में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटरों, साइबर टीम और जनपदीय सर्विलांस सेल ने आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए मोबाइल फोन ट्रैक किए। पुलिस ने CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल और अन्य तकनीकी संसाधनों की मदद से मोबाइलों का पता लगाकर उन्हें बरामद किया।

जनवरी 2025 से अब तक 5725 मोबाइल बरामद

एसपी ट्रैफिक मो अकमल खान ने बताया जनवरी 2025 से जून 2026 तक जिले में कुल 5725 गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 11.43 करोड़ रुपये है। पुलिस का कहना है कि आगे भी इसी तरह के अभियान लगातार चलाए जाएंगे ताकि लोगों की संपत्ति सुरक्षित रह सके।

उत्कृष्ट कार्य करने वाली साइबर टीमों को सम्मान

मोबाइल बरामदगी अभियान में बेहतर प्रदर्शन करने वाले थाना प्रेमनगर, कैंट, सुभाषनगर, इज्जतनगर, मीरगंज, सिरौली, शाही, आंवला, विशारतगंज, भमोरा, अलीगंज, फरीदपुर, फतेहगंज पश्चिमी, बहेड़ी, देवरनिया, शेरगढ़, हाफिजगंज और क्योलड़िया की साइबर टीमों के पुलिसकर्मियों को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने 1000 रुपये नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इससे पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ेगा और वे भविष्य में भी पूरी निष्ठा से जनसेवा करते रहेंगे।

मोबाइल गुम हो जाए तो तुरंत करें यह काम

बरेली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर सबसे पहले नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं। इसके बाद भारत सरकार के दूरसंचार विभाग के CEIR पोर्टल पर मोबाइल को ब्लॉक कर दें। IMEI नंबर ब्लॉक होने के बाद यदि कोई दूसरा व्यक्ति उस मोबाइल में नया सिम डालकर इस्तेमाल करने की कोशिश करता है तो उसकी जानकारी पुलिस तक पहुंच जाती है, जिससे मोबाइल को ट्रैक कर बरामद करने में मदद मिलती है।

एसपी ट्रैफिक मो. अकमल खान का बयान

एसपी ट्रैफिक मो. अकमल खान ने बताया कि बरेली पुलिस लगातार गुम हुए मोबाइल फोन बरामद करने के लिए अभियान चला रही है। जून माह में 466 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस किए गए हैं। उन्होंने कहा कि आमजन से अपील है कि मोबाइल गुम होने पर तत्काल थाने में सूचना दें और CEIR पोर्टल पर उसे ब्लॉक कराएं, ताकि उसका दुरुपयोग न हो और पुलिस उसे जल्द से जल्द बरामद कर सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *