bareillyपुलिस की गिरफ्त में तीनों आरोपी

बरेली। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भोजीपुरा और शीशगढ़ पुलिस ने गुरुवार को अलग-अलग कार्रवाई करते हुए तीन शातिर बदमाशों को अवैध तमंचों और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। तीनों आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के तीन अवैध तमंचे और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए। सभी के खिलाफ मुकदमे दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

भूड़ा मार्ग पर दबोचा गया राजू

भोजीपुरा पुलिस की पहली कार्रवाई गांव भूड़ा जाने वाले कच्चे रास्ते पर चाय के खोखे के पास हुई। पुलिस टीम ने सैदपुर चुन्नीलाल निवासी राजू पुत्र बाबू को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में राजू ने बताया कि वह पहले भी जेल जा चुका है और तमंचा अपनी सुरक्षा के लिए रखा था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, चोरी, पशु क्रूरता अधिनियम और आर्म्स एक्ट समेत 13 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2015 से वह कई बार जेल जा चुका है।

मझौआ रोड से युनुस गिरफ्तार

भोजीपुरा पुलिस की दूसरी टीम ने मझौआ रोड से सागलपुर जाने वाले भट्टे के रास्ते पर कार्रवाई करते हुए मझौआ गंगापुर निवासी युनुस पुत्र मुस्ताक को गिरफ्तार किया। उसके पास से भी 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। युनुस के खिलाफ भी आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ लूट, धोखाधड़ी, चोरी, मारपीट, अमानत में खयानत समेत 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है।

शीशगढ़ पुलिस ने जावेद खान को दबोचा

उधर, शीशगढ़ पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ अभियान के दौरान टांडा छंगा चौकी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए जावेद खान पुत्र सागीर खान (26), निवासी टांडा छंगा को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम गश्त के दौरान डेम की ओर जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर टांडा छंगा रोड से डेम की तरफ जाने वाली कच्ची सड़क के पास संदिग्ध युवक की तलाशी ली गई, जिसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। जावेद 12वीं तक पढ़ा है और उसके खिलाफ चोरी, धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज और अन्य मामलों में रामपुर व बरेली के विभिन्न थानों में कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

तीन तमंचे और तीन कारतूस बरामद

दोनों थाना क्षेत्रों की कार्रवाई में पुलिस ने कुल तीन अवैध तमंचे और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। भोजीपुरा की पहली कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक कुंवर बहादुर सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार, वीर सिंह और कांस्टेबल अंकित कुमार ने की। दूसरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक सुशील कुमार, बृजेश कुमार, हेड कांस्टेबल सुमित शर्मा और आरक्षी विशाल कुमार शामिल रहे। वहीं शीशगढ़ में प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह के निर्देशन में उपनिरीक्षक देवेंद्र कुमार राठी, हेड कांस्टेबल हारून मलिक, कांस्टेबल पंकज धनखड़ और चेतन प्रणामी की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *