पीलीभीत/बरेली। पीलीभीत में एक लाख रुपये के इनामी बदमाश और व्यापारी पप्पू गुप्ता हत्याकांड के मुख्य आरोपी सर्वजीत उर्फ शिवम के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने के बाद बरेली परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) अजय कुमार साहनी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मुठभेड़ स्थल का बारीकी से निरीक्षण कर पूरी घटना की जानकारी ली और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने मुठभेड़ में घायल उपनिरीक्षक उमेश त्यागी और हेड कांस्टेबल हरेंद्र सिंह का हालचाल जाना। उन्होंने दोनों पुलिसकर्मियों के उपचार की जानकारी ली और उनके साहस एवं कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायल जवानों का समुचित उपचार कराया जाए।

अपराधियों के खिलाफ जारी रहेगी सख्त कार्रवाई

डीआईजी अजय कुमार साहनी ने कहा कि मुख्यमंत्री की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बरेली परिक्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने पुलिस टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और अपराधियों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

डीआईजी ने 50000, एडीजी ने घोषित किया था एक लाख का इनाम

गौरतलब है कि 28 मई को बिलसंडा क्षेत्र में व्यापारी पप्पू गुप्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले का मुख्य आरोपी सर्वजीत उर्फ शिवम पर एडीजी बरेली जोन ने एक लाख रुपये और डीआईजी बरेली परिक्षेत्र ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में वह घायल हुआ और अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *