बरेली। देवरनियां पुलिस ने पंचायत भवन, प्राथमिक विद्यालय समेत कई स्थानों पर हुई चोरियों का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से चोरी का इन्वर्टर, बैटरी, तीन गैस सिलेंडर, तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 5,200 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी नशे की लत और बेरोजगारी के चलते चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।
बुधवार देर रात देवरनियां पुलिस ने बरेली-नैनीताल हाईवे किनारे स्थित एक खंडहर में दबिश देकर गिरधरपुर निवासी 23 वर्षीय विष्णु मौर्य और 26 वर्षीय हाशिम को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार दोनों चोरी का सामान बेचने की फिराक में वहां पहुंचे थे। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी का सामान और नकदी बरामद हुई।
तीन चोरी की घटनाओं का हुआ खुलासा
पुलिस जांच में बरामद सामान देवरनियां थाने में दर्ज तीन अलग-अलग चोरी के मुकदमों से संबंधित पाया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी के बाद वे सामान को ग्राम वसुपुरा के पास हाईवे किनारे बने खंडहर में छिपा देते थे और मौका मिलने पर राहगीरों को बेच देते थे।
पंचायत भवन और स्कूल को भी बनाया निशाना
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने ग्राम गोपालपुर स्थित पंचायत भवन और ग्राम मंगदपुर के प्राथमिक विद्यालय में चोरी की वारदात कबूल की। उन्होंने बताया कि चोरी का कुछ सामान पहले ही बेच दिया था। उससे मिले पैसों में से 5,200 रुपये बरामद हुए हैं, जबकि बाकी रकम नशे और अन्य खर्चों में खर्च हो चुकी है।
दोनों पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
देवरनियां थाने में तैनात दरोगा शेखर खोखर ने बताया कि आरोपी विष्णु मौर्य के खिलाफ पहले से चार और हाशिम के खिलाफ तीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में दरोगा शेखर खोखर, दरोगा सुनील कुमार, हेड कांस्टेबल राजीव कुमार, कांस्टेबल संदीप कुमार, पवन बंसल और राजन शामिल रहे।