बरेली। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) गुरुवार को बरेली के 17 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई। पहली पाली में करीब 7,500 परीक्षार्थी शामिल हुए। परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों के चेहरों पर संतोष नजर आया। अधिकांश परीक्षार्थियों ने प्रश्नपत्र को आसान बताते हुए अच्छे अंक आने की उम्मीद जताई।

बाल विकास के सवाल सबसे आसान, गणित-विज्ञान भी रहा सामान्य

पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की गई। परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थियों ने बताया कि इस बार प्रश्नपत्र का स्तर अपेक्षाकृत आसान रहा। बाल विकास एवं शिक्षाशास्त्र के अधिकांश प्रश्न सीधे और सरल थे। वहीं गणित, विज्ञान और समाजशास्त्र के प्रश्न भी सामान्य स्तर के रहे, जिससे परीक्षार्थियों को ज्यादा परेशानी नहीं हुई। रामपुर से परीक्षा देने पहुंचे दानिश ने कहा कि इस बार टीईटी का पेपर काफी आसान था। शाहजहांपुर की प्रियंका ने बताया कि गणित और विज्ञान के प्रश्न औसत स्तर के थे और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।

दूसरी पाली के लिए दोपहर से शुरू हुआ प्रवेश

दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जानी है। इसके लिए परीक्षार्थियों का प्रवेश दोपहर 12:15 बजे से शुरू कर दिया गया। केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली गई और सभी सुरक्षा मानकों का पालन कराया गया। परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने सभी केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए। प्रत्येक केंद्र पर निगरानी टीम तैनात रही और परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई।

इन 17 केंद्रों पर हुई परीक्षा

यूपीटीईटी के लिए शहर में मौलाना आजाद इंटर कॉलेज, साहू गोपीनाथ गर्ल्स इंटर कॉलेज, एफआर इस्लामिया इंटर कॉलेज (ब्लॉक-ए एवं बी), एसवी इंटर कॉलेज, श्री पीसी आजाद इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, विष्णु इंटर कॉलेज, श्री गुलाब राय इंटर कॉलेज, मनोहर भूषण इंटर कॉलेज, कुंवर रंजीत सिंह इंटर कॉलेज, पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, बरेली इंटर कॉलेज, बिशप मंडल इंटर कॉलेज, इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज, तिलक इंटर कॉलेज और केपीआरसी कला केंद्र गर्ल्स इंटर कॉलेज सहित कुल 17 केंद्र बनाए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *