up newsजमीन कब्जामुक्त करती टीम

बरेली। नगर निगम और तहसील सदर की संयुक्त टीम ने बुधवार को कटघर स्थित वार्ड संख्या 31 के ग्राम जसौली में राज्य सरकार की श्रेणी-10 की सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान करीब 6800 वर्गमीटर सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराकर नगर निगम ने अपने संरक्षण में ले लिया।

नगर निगम के अनुसार गाटा संख्या 62 और 63 पर स्थानीय लोगों ने अवैध रूप से बाउंड्री वॉल, नींव, अस्थायी आवास और स्विमिंग पूल सहित कई निर्माण कर सरकारी भूमि पर कब्जा कर रखा था। तहसील सदर की राजस्व टीम, नगर निगम के मानचित्रकार रविंद्र कुमार और अवर अभियंता विकास साहू ने संयुक्त रूप से मौके पर जांच कर भूमि का सीमांकन किया। जांच के दौरान शमसी नामक व्यक्ति द्वारा सरकारी भूमि पर गेटनुमा बाउंड्री बनाकर कब्जा किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद नगर निगम की टीम ने अवैध निर्माण हटाते हुए भूमि को कब्जा मुक्त कराया।

टीम

380 वर्गमीटर भूमि के कई बार हुए बैनामे

जांच में यह भी सामने आया कि गाटा संख्या 63 में अयूब हसन खां (मृतक), उनकी पत्नी बिब्बो बेगम, पुत्र शमसुल हसन खां और मोहम्मद यूनुस खां के नाम केवल 380 वर्गमीटर श्रेणी-1 की भूमि थी। आरोप है कि इसी भूमि के कई-कई बार बैनामे कर सरकारी जमीन पर भी कब्जा करा दिया गया था। संयुक्त कार्रवाई के बाद चिन्हित सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराकर नगर निगम ने अपने संरक्षण में ले लिया। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी भूमि पर दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था भी की जाएगी।

नगर आयुक्त बोले- अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा

नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने कहा कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नगर निगम और राजस्व विभाग संयुक्त रूप से ऐसे मामलों की लगातार जांच कर रहे हैं। जहां भी सरकारी जमीन पर अतिक्रमण मिलेगा, वहां नियमानुसार सख्त कार्रवाई कर भूमि को कब्जा मुक्त कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *