Social Sharing icon

बहराइच। रविवार देर रात बहराइच के मटेरा इलाके में हुए भीषण सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। नानपारा-बहराइच हाईवे पर तेज रफ्तार टाटा पंच कार सामने चल रही कंबाइन मशीन से टकरा गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसमें बैठे लोग अंदर फंस गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में चार दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

रात साढ़े 11 बजे हुआ दर्दनाक हादसा

जानकारी के मुताबिक मटेरा थाना क्षेत्र के धनौली मोड़ के पास रविवार रात करीब साढ़े 11 बजे यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि टाटा पंच कार में छह लोग सवार थे और नानपारा से बहराइच की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर सामने चल रही कंबाइन मशीन से कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

हादसे के बाद हाईवे पर मची अफरा-तफरी

टक्कर की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए काफी देर तक मशक्कत करनी पड़ी। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद कुछ देर तक हाईवे पर लंबा जाम भी लगा रहा।

चार दोस्तों की गई जान

हादसे में अश्वनी कुमार, अल्ताफ अहमद, अनिल कुमार और महेंद्र पाल की मौके पर ही मौत हो गई। सभी मृतक बहराइच जिले के अलग-अलग गांवों के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वहीं दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

एसपी पहुंचे मौके पर, जांच शुरू

घटना की जानकारी मिलते ही एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव और ग्रामीण एसपी डीपी तिवारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे के कारणों की जांच के निर्देश दिए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

देर रात तक चलता रहा रेस्क्यू

हादसे के बाद क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार और कंबाइन मशीन को सड़क से हटाया गया। इसके बाद हाईवे पर यातायात सामान्य कराया जा सका। घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। गांवों में मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed