google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
UP NEWSहादसे के बाद मौके पर जुटी ग्रामीणों की भीड़।

पीलीभीत। घर के बाहर खेल रही नौ साल की मासूम को क्या पता था कि कुछ ही पल में उसकी जिंदगी खत्म हो जाएगी। रविवार देर रात माधोपुर गांव में ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से अनामा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। जिस घर में बच्ची की किलकारियां गूंजती थीं, वहां कुछ ही देर में मातम छा गया।

ट्रैक्टर पीछे करते समय हुआ हादसा

अमरिया थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव में रविवार देर रात अनामा घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान गांव के रहने वाले राहत हुसैन पुत्र अबरार हुसैन का ट्रैक्टर चालक पीछे की ओर कर रहा था। बताया गया कि ट्रैक्टर पीछे करते समय चालक को पीछे खेल रही बच्ची दिखाई नहीं दी। इसी बीच अनामा ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गई। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

धुंधरी की रहने वाली थी मासूम

अनामा मूल रूप से धुंधरी गांव निवासी मोइन अहमद की बेटी थी। वह माधोपुर गांव में अपने नाना अकील अहमद पुत्र सफीदुल्लाह के पास रहती थी। रविवार रात घर के बाहर खेलते समय हुए हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। बच्ची की मौत की खबर सुनकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। हादसे के बाद गांव में भी शोक छा गया।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

हादसे की सूचना मिलने पर अमरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए पीलीभीत जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद परिवार बच्ची को खोने के गम में डूबा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *