up news

बरेली। प्रदेश के मुख्यमंत्री के शहर में मौजूद रहने के बावजूद सोमवार रात से शुरू हुआ बिजली संकट मंगलवार सुबह तक और गहरा गया। आधे शहर से शुरू हुआ ब्लैकआउट सुबह होते-होते कई इलाकों तक फैल गया। राजेंद्र नगर, कोहाड़ापीर, प्रेमनगर, स्पोर्ट्स रोड, पीलीभीत बाईपास, सिविल लाइंस, सीबीगंज, किला समेत कई क्षेत्रों में घंटों बिजली गुल रही। हालात ऐसे रहे कि लोगों की दिनचर्या पूरी तरह पटरी से उतर गई। सबसे ज्यादा नाराजगी इस बात को लेकर रही कि शिकायतों के बावजूद बिजली विभाग के अधिकारी फोन तक उठाने को तैयार नहीं हुए।

रात से शुरू हुआ संकट, सुबह भी नहीं लौटी राहत

सोमवार रात से शहर के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। मंगलवार सुबह तक भी हालात सामान्य नहीं हो सके। कई क्षेत्रों में बिजली लगातार गुल रही, जबकि कई इलाकों में बार-बार ट्रिपिंग और बिजली के आने-जाने का सिलसिला चलता रहा। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

इन्वर्टर जवाब दे गए, पानी के लिए भी तरसे लोग

लंबे समय तक बिजली न मिलने से घरों के इन्वर्टर और बैटरियां भी जवाब दे गईं। समरसेबल और मोटर नहीं चल पाने के कारण कई इलाकों में पानी का संकट खड़ा हो गया। लोगों को पीने के पानी तक के लिए परेशानी झेलनी पड़ी। घरेलू कामकाज से लेकर दफ्तर जाने वालों तक की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित रही।

मुख्यमंत्री शहर में, फिर भी नहीं जागा बिजली विभाग

संयोग यह रहा कि जिस समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बरेली में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने पहुंचे, उसी दौरान शहर के कई हिस्से बिजली संकट से जूझते रहे। करीब तीन घंटे तक मुख्यमंत्री के शहर में रहने के बावजूद बिजली व्यवस्था पटरी पर नहीं लौट सकी। इससे लोगों में यह चर्चा रही कि जब मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान भी बिजली विभाग की कार्यशैली नहीं बदल रही, तो आम दिनों में हालात का अंदाजा लगाया जा सकता है।

फोन तक नहीं उठा रहे अधिकारी

बिजली संकट से परेशान उपभोक्ताओं ने लगातार विभागीय अधिकारियों, क्षेत्रीय पार्षदों और जनप्रतिनिधियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन अधिकांश लोगों का आरोप रहा कि बिजली विभाग के अधिकारी फोन तक नहीं उठा रहे थे। इससे लोगों में आक्रोश और बढ़ गया।

चीफ इंजीनियर से नहीं हो सकी बात

बिजली संकट को लेकर विभाग का पक्ष जानने के लिए मुख्य अभियंता (चीफ इंजीनियर) से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल फोन नहीं उठा। बिजली विभाग के एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि बिजली की शाम तक ही आपूर्ति सुनिश्चित हो पाएगी। हालांकि बिजली विभाग की टीम फाल्ट ठीक करने में लगी हुई है। कई जगह हवा और पानी की वजह से फाल्ट आ गए थे। उनको ठीक किया जा रहा है। शाम तक ही बिजली सुचारू रूप से ठीक होने की उम्मीद है। 2 बजे से लाइट आनी शुरू हो जाएगी और शाम तक सभी क्षेत्र में बिजली व्यवस्था सुचारू रूप से सुनिश्चित हो जाएगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *