बरेली। बेसहारा गोवंश के संरक्षण और उन्नत नस्ल की गायों के संवर्धन की दिशा में बरेली छावनी परिषद ने सोमवार को बड़ा कदम उठाया। ठिरिया रोड स्थित प्रस्तावित आधुनिक गोशाला का भूमि पूजन प्रदेश के पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में किया। पांच करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस गोशाला में एक हजार से अधिक गोवंश को रखने की क्षमता होगी।
भूमि पूजन के साथ निर्माण कार्य का शुभारंभ
भूमि पूजन कार्यक्रम में प्रदेश के पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह, सांसद छत्रपाल गंगवार, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल और छावनी परिषद की मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) डॉ. तनु जैन ने विधिवत पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ कराया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने गोवंश संरक्षण को सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल बताते हुए परियोजना की सराहना की।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी गोशाला
सीईओ डॉ. तनु जैन ने बताया कि प्रस्तावित गोशाला को आधुनिक डिजाइन और अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किया जाएगा। इसका उद्देश्य बेसहारा गोवंश का संरक्षण, उन्नत नस्ल की गायों का पालन और पशुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
स्वच्छ और तनावमुक्त वातावरण पर रहेगा विशेष जोर
उन्होंने बताया कि गोशाला में पशुओं के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और तनावमुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही पर्यावरण के अनुकूल प्रबंधन व्यवस्था विकसित की जाएगी, जिससे गोवंश के संरक्षण के साथ उनके समुचित पालन-पोषण और स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रखा जा सके।