up newsबैठक में मौजूद जनप्रतिनिधि

बरेली। 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियों को तेज कर दिया है। सोमवार को बरेली पहुंचे भाजपा संगठन प्रदेश महामंत्री धर्मपाल सिंह ने शक्तिकेंद्र संयोजकों, मंडल अध्यक्षों, जनप्रतिनिधियों, निवर्तमान पदाधिकारियों और अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारियों की अलग-अलग बैठकों को संबोधित करते हुए संगठन की चुनावी रणनीति और बूथ माइक्रोमैनेजमेंट का मंत्र दिया।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि बूथ और मंडल के बीच शक्तिकेंद्र सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। संगठन के सभी अभियान, कार्यक्रम और गतिविधियां प्रभावी ढंग से शक्तिकेंद्र के माध्यम से संचालित होंगी। उन्होंने कहा कि 2027 की ऐतिहासिक जीत कार्यकर्ताओं के परिश्रम, अनुशासन, समयबद्धता और पूर्व तैयारी पर निर्भर करेगी। उन्होंने शक्तिकेंद्र संयोजकों से कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता बैठक में डायरी लेकर पहुंचे और बूथ स्तर पर होने वाली सभी बैठकों एवं गतिविधियों का पूरा रिकॉर्ड रजिस्टर में दर्ज किया जाए। नियमित समीक्षा, सटीक योजना और सतत फॉलोअप को संगठन की मजबूती का आधार बताते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को उसकी क्षमता और अनुभव के अनुरूप जिम्मेदारी दी जाएगी।

पुराने नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी मिलेगी जिम्मेदारी

प्रदेश महामंत्री (संगठन) ने कहा कि संगठन में निवर्तमान पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं और पुराने कार्यकर्ताओं की भूमिका भी महत्वपूर्ण रहेगी। सभी को उनकी योग्यता और अनुभव के अनुसार जिम्मेदारी देकर संगठन को और मजबूत बनाया जाएगा। बूथ स्तर पर वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी उन्होंने जोर दिया। धर्मपाल सिंह ने कहा कि भाजपा 2027 का विधानसभा चुनाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और ऐतिहासिक निर्णयों को लेकर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने कहा कि हर बूथ संगठनात्मक गतिविधियों का केंद्र बनेगा।

विपक्ष के भ्रम का तथ्यों से देंगे जवाब

उन्होंने कहा कि विपक्ष जातीय वैमनस्य, झूठ और भ्रम फैलाकर चुनाव लड़ने का प्रयास करेगा, लेकिन भाजपा का प्रशिक्षित और अनुशासित कार्यकर्ता हर भ्रामक नैरेटिव का तथ्यों और प्रमाणों के साथ जवाब देगा। कार्यकर्ताओं से जनता के बीच लगातार संवाद बनाए रखने का भी आह्वान किया। अनुसूचित जाति मोर्चा की बैठक में धर्मपाल सिंह ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर का दर्शन भाजपा सरकारों की सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की नीतियों का आधार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंचतीर्थ विकसित कर बाबा साहेब को सच्ची श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकारों की योजनाओं का सबसे अधिक लाभ अनुसूचित वर्ग, गरीब और वंचित समाज को मिला है।

घर-घर पहुंचाने का दिया लक्ष्य

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों, योजनाओं और संगठन की विचारधारा को तथ्यात्मक सामग्री के साथ प्रत्येक घर तक पहुंचाएं तथा प्रत्येक वर्ग के लोगों से संवाद स्थापित कर 2027 में भाजपा की ऐतिहासिक विजय सुनिश्चित करें। बैठकों में केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा, कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी, प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, प्रदेश मंत्री सुभाषिनी जायसवाल, सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, मेयर डॉ. उमेश गौतम सहित बरेली, शाहजहांपुर, बदायूं और पीलीभीत के जिला एवं महानगर अध्यक्ष, विधायक तथा बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *