बरेली। कई दिनों से बंद पड़ी सुभाषनगर पुलिया पर सोमवार को एक बार फिर यातायात शुरू हो गया। पुलिया की सफाई का काम पूरा होने के बाद नगर निगम ने आवागमन बहाल कर दिया। इसके साथ ही सुभाषनगर समेत आसपास के क्षेत्रों की करीब सवा लाख आबादी को बड़ी राहत मिली। पुलिया बंद रहने के दौरान लोगों को रोजाना करीब पांच किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही थी।
जेई विकास साहू ने बताया हर वर्ष मानसून से पहले शहर की पुलियों और नालों की सफाई कराई जाती है, ताकि बरसात के दौरान जलनिकासी सुचारु बनी रहे और जलभराव जैसी समस्याओं से बचा जा सके। इसी अभियान के तहत सुभाषनगर पुलिया की सफाई कराई गई थी। सफाई कार्य के चलते कुछ दिनों तक पुलिया पर यातायात पूरी तरह बंद रखा गया था।
रोजमर्रा के कामकाज पर पड़ा असर
पुलिया बंद होने से सुभाषनगर और आसपास के इलाकों के लोगों को नौकरी, व्यापार, स्कूल और अन्य जरूरी कार्यों के लिए लंबा वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ रहा था। इससे समय के साथ ईंधन की भी अतिरिक्त खपत हो रही थी। सोमवार को पुलिया खुलते ही लोगों ने राहत की सांस ली और सामान्य आवागमन शुरू हो गया।
मानसून में जलनिकासी रहेगी बेहतर
जेई विकास साहू ने बताया कि मानसून से पहले पुलिया की सफाई कराने का उद्देश्य जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखना है। वहीं मुख्य अभियंता मनीष अवस्थी ने कहा कि समय रहते सफाई पूरी होने से बरसात के दौरान पानी की निकासी बेहतर होगी और क्षेत्र में जलभराव की संभावना काफी हद तक कम रहेगी। स्थानीय लोगों ने भी पुलिया खुलने पर खुशी जताई और उम्मीद व्यक्त की कि इस बार मानसून के दौरान आवागमन बाधित नहीं होगा तथा जलभराव की समस्या से भी राहत मिलेगी।