up newsप्रतीकात्मक चित्र

बरेली। बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में शाहजहांपुर हाईवे पर मंगलवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा ट्रांसपोर्ट नगर चौकी के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रही डीसीएम में जा घुसी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल भिजवाते हुए दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

अस्पताल जाते समय हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान रजऊ परसपुर निवासी अमित सक्सेना और बबलू के रूप में हुई है। घायल महिला सीमा, अमित की पत्नी हैं। तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर बरेली के एक निजी अस्पताल जा रहे थे। परिजनों ने बताया कि अमित की बुआ को दिल का दौरा पड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें देखने के लिए तीनों घर से निकले थे, लेकिन रास्ते में हादसे का शिकार हो गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक, शाहजहांपुर हाईवे पर ट्रांसपोर्ट नगर चौकी के पास अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे डीसीएम के पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि अमित सक्सेना और बबलू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सीमा गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें राहगीरों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

हिमाचल से लौटे थे दोनों युवक

परिजनों के अनुसार, अमित सक्सेना और बबलू हिमाचल प्रदेश में मजदूरी का काम करते थे। दोनों कुछ दिन पहले ही अपने गांव लौटे थे। किसी ने नहीं सोचा था कि अस्पताल जाते समय ही दोनों की जिंदगी खत्म हो जाएगी। हादसे की खबर मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बिथरी चैनपुर पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि हादसे के बाद डीसीएम चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *