बरेली। सीबीगंज स्थित सुपीरियर शराब फैक्ट्री में बुधवार शाम एक कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों ने फैक्ट्री गेट पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया। हालात बिगड़ते देख सीओ द्वितीय नितिन कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बिसारतगंज थाना क्षेत्र के गांव धीरपुर निवासी सत्यपाल पुत्र रामलाल ने एक दिन पहले ही सुपीरियर शराब फैक्ट्री में नौकरी शुरू की थी। बुधवार को उनकी ड्यूटी का दूसरा दिन था। वह फैक्ट्री के बॉयलर सेक्शन में कार्यरत थे। सुबह वह रोज की तरह घर से ड्यूटी पर निकले, लेकिन शाम को उनकी मौत की सूचना परिवार तक पहुंची तो घर में कोहराम मच गया।
फैक्ट्री गेट पर प्रदर्शन, प्रबंधन पर लगाए लापरवाही के आरोप
घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण फैक्ट्री गेट पर पहुंच गए। उन्होंने फैक्ट्री प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। कुछ देर के लिए मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया और फैक्ट्री परिसर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।
जांच के बाद ही सामने आएगी मौत की वजह
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीबीगंज इंस्पेक्टर विनोद सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस फैक्ट्री कर्मचारियों से पूछताछ करने के साथ ही घटनास्थल और संबंधित दस्तावेजों की भी जांच कर रही है।
परिजनों ने निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की
मृतक के परिजनों का आरोप है कि फैक्ट्री प्रबंधन की लापरवाही के चलते सत्यपाल की जान गई। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।