बरेली। सुभाषनगर पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी चोट करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से 13 किलो 240 ग्राम डोडा छिलका और दिल्ली से चोरी की गई टीवीएस अपाचे बाइक बरामद हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे डोडा छिलका उत्तराखंड में सप्लाई करने जा रहे थे। पुलिस अब इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।

मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल

सोमवार देर रात सुभाषनगर पुलिस बीडीए गेट से मिलक रौंधी जाने वाले रास्ते पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक बाइक से डोडा छिलका लेकर निकलने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को रोक लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से कुल 13 किलो 240 ग्राम डोडा छिलका बरामद हुआ। बरामद बाइक का नंबर पुलिस ने ऑनलाइन जांचा तो पता चला कि टीवीएस अपाचे दिल्ली से चोरी की गई थी। इस संबंध में नवंबर 2024 में दिल्ली में मुकदमा दर्ज है। इसके बाद पुलिस ने बाइक को भी कब्जे में ले लिया।

उत्तराखंड में खपाने की थी तैयारी

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लंबे समय से डोडा छिलका की सप्लाई का काम करते हैं। इस बार भी खेप उत्तराखंड ले जाकर बेचने की तैयारी थी, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करेली निवासी अरमान उर्फ साहिल (19) और साबिर हुसैन (24) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक साबिर हुसैन के खिलाफ पहले से भी मारपीट और धमकी का मुकदमा दर्ज है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और चोरी की संपत्ति रखने समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *