गाजियाबाद। लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड के बाद गाजियाबाद प्रशासन, जीडीए और अग्निशमन विभाग ने जिलेभर में बड़े पैमाने पर जांच अभियान शुरू कर दिया है। सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों और भवन मालिकों पर कार्रवाई करते हुए अब तक 62 इमारतों को सील कर दिया गया है, जबकि 35 कोचिंग संस्थानों को नोटिस जारी किए गए हैं।

गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) के उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल के निर्देश पर आठ जोन की संयुक्त टीमों ने मंगलवार को विभिन्न व्यावसायिक और सार्वजनिक भवनों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान 206 इमारतों में अग्नि सुरक्षा संबंधी गंभीर खामियां मिलीं। कई भवनों में फायर एनओसी नहीं थी, जबकि कई जगह आग से बचाव के उपकरण या तो अनुपलब्ध मिले या निष्क्रिय पाए गए।

206 भवनों में मिलीं सुरक्षा खामियां

जीडीए की टीमों ने सोसायटियों, होटलों, बैंक्वेट हॉल, अस्पतालों, रेस्टोरेंट, कोचिंग सेंटरों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की। निरीक्षण में सामने आया कि बड़ी संख्या में भवन अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं कर रहे हैं। इसके बाद प्राधिकरण ने संबंधित भवन मालिकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

62 इमारतों पर सीलिंग की कार्रवाई

प्रशासन ने अब तक 62 भवनों को सील कर दिया है। इनमें कोचिंग सेंटरों के अलावा कई अन्य व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने वाली इमारतें भी शामिल हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि लोगों की जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

81 कोचिंग संस्थानों की जांच, 35 को नोटिस

फायर विभाग, पुलिस, प्रशासन और बिजली विभाग की संयुक्त टीम ने जिले के 81 कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) राहुल पाल ने बताया कि 35 कोचिंग सेंटरों में अग्नि सुरक्षा, विद्युत सुरक्षा और भवन मानकों का उल्लंघन पाया गया। इन संस्थानों को 15 दिन के भीतर कमियां दूर करने के निर्देश देते हुए नोटिस जारी किए गए हैं। निर्धारित समय सीमा के बाद दोबारा निरीक्षण कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

आरडब्ल्यूए को जारी किए गए सख्त निर्देश

जीडीए ने सभी आवासीय सोसायटियों की आरडब्ल्यूए को पत्र भेजकर फायर अलार्म, स्प्रिंकलर सिस्टम, हाइड्रेंट, अग्निशमन उपकरण और आपातकालीन निकास मार्गों को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

बैंक्वेट हॉलों में भी मिलीं कमियां

इंदिरापुरम क्षेत्र में पांच बैंक्वेट हॉलों का निरीक्षण किया गया। एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और आपातकालीन निकास व्यवस्था में खामियां मिलने पर संबंधित संचालकों को नोटिस जारी किए गए हैं।

लोगों से की गई अपील

जीडीए और अग्निशमन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि फायर ड्राइव-वे और इमरजेंसी गेट को हमेशा खाली रखें, फायर अलार्म और अग्निशमन उपकरणों की नियमित जांच कराएं, समय पर फायर एनओसी का नवीनीकरण कराएं तथा भवनों में नक्शे के विपरीत अवैध निर्माण न करें। इसके अलावा समय-समय पर मॉक ड्रिल आयोजित करने की भी सलाह दी गई है। प्रशासन का कहना है कि अभियान आने वाले दिनों में और तेज किया जाएगा तथा अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *